हॉर्न बजाने पर हत्या के सभी 7 आरोपी गिरफ्तार! पुलिस ने निकाला जुलूस | SAGAR TV NEWS |
एमपी के उज्जैन के माधवनगर थाना क्षेत्र के दमदमा इलाके में ट्रैक्टर शोरूम संचालक यश मित्तल की हत्या के मामले में पुलिस ने सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामूली विवाद से शुरू हुआ यह मामला हत्या तक पहुंच गया था। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करने से पहले घटनास्थल पर ले जाकर वारदात की तस्दीक कराई। इस दौरान आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आए, वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की कार्रवाई पर तालियां बजाईं। दरअसल, मूल रूप से तराना निवासी 27 वर्षीय यश मित्तल उज्जैन में ट्रैक्टर शोरूम संचालित करते थे। गुरुवार रात वह अपने दोस्तों को कार से सेठीनगर छोड़ने जा रहे थे। जिला पंचायत के पास दमदमा मोड़ पर सड़क के बीच कुछ युवक बाइक खड़ी कर खड़े थे।
बताया गया कि रास्ता नहीं मिलने पर यश ने युवकों को साइड देने के लिए हॉर्न बजाया। आरोप है कि इसी बात पर विवाद बढ़ गया। युवकों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए कार के कांच फोड़ दिए और यश व उनके दोस्तों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान यश पर चाकू से हमला किया गया। घटना के बाद यश के दोस्त किसी तरह वहां से निकलकर माधवनगर थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन यश वहां नहीं मिले। करीब तीन घंटे की तलाश के बाद वह एक दुकान के पीछे लहूलुहान और अचेत हालत में मिले। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि अब शेष तीन आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस तरह हत्याकांड में शामिल सभी सात आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। न्यायालय में पेश करने से पहले पुलिस सभी आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की तस्दीक कराई। इस दौरान आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आए। पुलिस ने आरोपियों को पैदल घटनास्थल तक ले जाकर कार्रवाई की। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की कार्रवाई पर तालियां बजाईं। मामूली विवाद में हुई यश मित्तल की हत्या ने शहर को झकझोर दिया था। अब सभी सात आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।