सागर के दृष्टिबाधित सुनील की चर्चा देश भर में, हनुमान अंश में गाया बुंदेली भजन हो रहा जमकर वायरल
कहते हैं न की ज़िंदगी में कभी भी हार नहीं माननी चाहिए, पता नहीं ज़िंदगी कब करवट ले-ले और ज़िंदगी का नया अध्याय शुरू होते हुए एक नई पारी की शुरुआत हो जाए। बस ऐसा ही सागर के ऐसे नौजवान के साथ भी हुआ है जिसका गाया हुआ बुंदेली भजन आज हर किसी की जुबान पर है। जिसके बोल कुछ इस तरह से हैं मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान सागर में नैया डाल दई, दृष्टिबाधित सुनील लोधी द्वारा गाया हुआ फिल्म हनुमान अंश का ये भजन काफी वायरल हो रहा है। सुनील की आवाज की धूम मची हुई है। सोशल मीडिया पर इसे काफी पसंद किया जा रहा है। सुनील ने अपनी गायकी से एक अलग जगह बनाई है। इस सब में बात उस दोस्त रोहित की भी, जिसने हर समय साथ दिया और सुनील की आवाज को लोगों तक पहुंचाया।
वहीं अब आपको एक और दिलचस्प पहलु भी बताते हैं। सागर जिले के रहने वाले सुनील लोधी एक समय इतने निराश हो गए थे की उन्होंने ज़िंदगी ख़त्म करने का सोच लिया था। वह जन्म से ही दृष्टिबाधित है जो कभी स्कूल की चौखट तक नहीं गया। अब हनुमान अंश फिल्म में उन्होंने अपनी आवाज दी। बुंदेली भजन मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान सागर में नैया डाल दई गाकर देश भर में पहचान बना रहे हैं।
बेहद गरीब परिवार से आने वाले सुनील लोधी बताते हैं की जिंदगी के मुश्किल दौर में एक बार वे दोस्तों के साथ नदी किनारे गए थे। जहां दोस्तों से बिछड़ने के बाद वे काफी परेशान हो गए। उस समय उनके मन में जिंदगी को लेकर नकारात्मक विचार आए। लेकिन दोस्त रोहित ने उन्हें संभाला और हमेशा साथ दिया। इसके बाद सुनील ने बुंदेली भजन गाना शुरू किया। रोहित उनके भजनों की रिकॉर्डिंग कर सोशल मीडिया पर पोस्ट करते थे। दोनों मुंबई पहुंचे और वर्सोवा बीच पर एक रील बनाई। यह रील फिल्म निर्देशक विशाल चतुर्वेदी तक पहुंची। जिसके बाद उन्होंने सुनील को ऑफिस बुलाकर फिल्म में भजन गाने का मौका दिया। फिल्म की शुरुआत ज़रूर धीमी रही। लेकिन सुनील की रील वायरल होने के बाद इसे एक दिन में करीब 10 लाख व्यूज मिले। करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनने वाली इस फिल्म ने अब तक 30 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है।------