कार से 73 लाख कैश बरामद! नोटों से भरी बोरी देख पुलिस भी हैरान, गिनने के लिए मंगानी पड़ी मशीन
पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना नंबर की क्रेटा कार से करीब 73 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। कार में नोटों की गड्डियों से भरी बोरी देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। नकदी इतनी ज्यादा थी कि थाने में नोट गिनने के लिए मशीन बुलानी पड़ी। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि इतनी बड़ी रकम आखिर कहां से आई और इसे कहां ले जाया जा रहा था। जानकारी के मुताबिक एमपी के रतलाम जिले के नामली थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रतलाम से नामली की ओर फोरलेन पर एक बिना नंबर की क्रेटा कार में भारी मात्रा में नकदी ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने फोरलेन पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान पुलिस ने बिना नंबर की क्रेटा कार को रोक लिया। चालक से पूछताछ के बाद पुलिस उसे वाहन समेत थाने ले आई। कार की तलाशी शुरू हुई तो एक बोरी देखकर पुलिस की नजर उस पर टिक गई। बोरी खोली गई तो उसमें नोटों की कई गड्डियां रखी हुई थीं। इतनी बड़ी मात्रा में कैश मिलने के बाद पुलिस ने पूरी रकम को जब्त किया और थाने में गिनती शुरू कराई। नोटों की संख्या इतनी अधिक थी कि पुलिस को रकम गिनने के लिए मशीन बुलानी पड़ी। गिनती पूरी होने के बाद नकदी करीब 73 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार कार चालक की पहचान निजाम खान निवासी पिपलौदा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रतलाम से जावरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान नामली पुलिस की कार्रवाई में कार से यह रकम बरामद हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी राकेश पंद्रो भी नामली थाने पहुंचे और जांच की जानकारी ली। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर उससे लगातार पूछताछ शुरू कर दी है।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि 73 लाख रुपये की यह रकम किसकी है, इसका स्रोत क्या है और इसे किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। नकदी के संबंध में चालक के पास कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जानकारी है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने रकम जब्त कर ली है और मामले की जांच जारी है। पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के बाद ही साफ होगा कि इतनी बड़ी नकदी के पीछे की पूरी कहानी क्या है।