स्कूटी की डिग्गी में न शे का कारोबार, गलियों में घूमकर बेची जा रही नशी ली सीरप, 175 शीशियां जब्त !
स्कूटी की डिग्गी में रखकर नशे के कारोबार किया जा रहा था। कथित तौर से गलियों-गलियों में घूमकर नशीली कफ सीरप बेची जा रही थी। पुलिस ने जब घेराबंदी कर एक संदिग्ध को पकड़ा तो उसके पास से 25 शीशियां कफ सीरप की बरामद की गयी हैं। मामला रीवा जिले से सामने आया है। जहां नशीली कफ सिरप के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। सिटी कोतवाली पुलिस ने रानी तालाब के पास कार्रवाई कर इसकी बिक्री करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। जिसकी पहचान राजेंद्र साकेत के रूप में हुई। रानी तालाब के पास संदिग्ध गतिविधि के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ा।
पूछताछ में पुलिस को कफ सिरप के बड़े स्टॉक की जानकारी मिली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक अन्य घर में दबिश दी। जहां बोरी में रखी 65 शीशियां और एक झोले में रखी 85 शीशियां बरामद हुईं। इस तरह पुलिस ने 175 शीशियां नशीली कफ सिरप जब्त की हैं।
फिलहाल पुलिस ये पता लगाने में जुटी है की इतनी बड़ी मात्रा में नशीली कफ सिरप आरोपी तक कहां से पहुंची और इसे शहर में किन लोगों तक सप्लाई किया जाना था। पुलिस को आशंका है की इस कारोबार के पीछे एक बड़ा सप्लाई नेटवर्क हो सकता है।
कोतवाली थाना प्रभारी निशा मिश्रा के मुताबिक मामले में जांच जारी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है जिसके आधार पर नशीली कफ सिरप के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।