Sagar- हर महीने करोड़ों का टोल, फिर भी सड़क बेहाल! फिर गड्ढों में तब्दील हुआ NH-44 | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले से गुजरने वाला देश का सबसे लंबा राष्ट्रीय राजमार्ग-44 बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। बारिश शुरू होते ही सड़क से डामर उखड़ने लगा और अब जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। कई गड्ढे करीब 10 फीट चौड़े और आधा फीट तक गहरे हैं।
बारिश के दौरान इनमें पानी भर जाने से गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहन अचानक गड्ढों में गिर जाते हैं, जिससे वाहनों में टूट-फूट के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। तीन दिन पहले रजवांस के पास गड्ढे से बचने के प्रयास में एक कंटेनर पुलिया से नीचे जा गिरा था। इसके बाद भी सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।
सागर जिले की सीमा में NH-44 का करीब 152 किलोमीटर हिस्सा आता है। इनमें सागर से मालथौन की ओर जाने वाला मार्ग सबसे ज्यादा खराब बताया जा रहा है। इस मार्ग से रोजाना करीब 10 हजार वाहन गुजरते हैं, जिनमें कार, ट्रक, कंटेनर और मल्टी एक्सल वाहन शामिल हैं।
करीब दो साल से टोल प्लाजा का संचालन आईआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट लिमिटेड कर रही है। सड़क की मरम्मत की जिम्मेदारी भी इसी कंपनी की है। पूर्व में जनप्रतिनिधियों द्वारा किए गए पत्राचार के अनुसार, यहां हर महीने 6 करोड़ रुपए से अधिक का टोल कलेक्शन होता है। इसके बावजूद सड़क की हालत वाहन चालकों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बनी हुई है।
पिछले साल भी सड़क जर्जर होने पर संभागायुक्त और कलेक्टर ने NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर से पत्राचार किया था। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को भी शिकायत भेजी थी। इसके बाद बारिश खत्म होने पर सड़क का डामरीकरण कराया गया था, लेकिन एक साल भी पूरा नहीं हुआ और सड़क फिर गड्ढों में तब्दील हो गई।
इस बार फिर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने मामले को संज्ञान में लिए है, और जल्द से जल्द हाईवे का मेन्टेन्स और पेंचवर्क कराने की बात कही है