चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास, प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंसी महिला, देवदूत बने RPF एएसआई ने खींचकर बचाया
कहते हैं की दुर्घटना से देर भली, लेकिन कुछ लोग हैं की लापरवाही बरतते हैं और मुसीबत में पड़ जाते हैं ताजा मामला ही ले लीजिये, जिसमें एक महिला ट्रेन में चढ़ते समय प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच फंस गई। उसकी जान जाते-जाते बची। ज़रा और देर होती तो बड़ी घटना हो जाती। देवदूत बनकर खड़े आरपीएफ के एएसआई ने खींचकर उसकी जान बचा ली। शिवपुरी जिले में रेलवे स्टेशन पर हुआ ये घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। दरअसल तस्वीरों में नज़र आ रहा है की एएसआई ने पहले ही संभावित घटना को भांप लिया था जिससे उन्होंने बिना देर किये महिला की जान बचा ली।
बताया गया की अशोकनगर जाने के लिए ट्रेन पकड़ने पहुंची 36 साल की महिला चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही थी। जिससे वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंस गई। ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ के एएसआई वीरेंद्र कुमार तिवारी ने तत्परता दिखाते हुए महिला को पकड़कर प्लेटफॉर्म तरफ खींच लिया और उसकी जान बचा ली। घटना का वीडियो सामने आया है।
बताया जा रहा है की पुरानी शिवपुरी निवासी निर्मला ठाकुर रक्षाबंधन के मौके पर बीते शनिवार को अशोकनगर जाने सुबह करीब 10 बजे शिवपुरी रेलवे स्टेशन पहुंची। वह ग्वालियर-बीना ट्रेन में सवार होने का प्रयास कर रही थीं। ट्रेन के चलने के दौरान भीड़ और देरी के बीच निर्मला ने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की। तभी संतुलन बिगड़ गया जिससे वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच के गैप में फंस गई। जिससे हड़कंप मच गया। लेकिन ये देख मौके पर मौजूद एएसआई वीरेंद्र तिवारी ने बिना वक़्त गंवाए महिला को प्लेटफॉर्म तरफ खींच लिया। जिससे उसकी जान बच गई। सूझबूझ के चलते एक बड़ी घटना टल गई।
एएसआई वीरेंद्र कुमार तिवारी का कहना है की उन्हें पहले ही आशंका हो गई थी कि महिला चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही है। इसलिए वह नज़र बनाये हुए थे।------