अपनी खूबसूरती बिखेरता वाटरफॉल बना आकर्षण का केंद्र, चट्टानों से घिरा, रोमांचक नज़ारों से पर्यटक गदगद
वैसे तो बुंदेलखंड समेत मध्य प्रदेश में कई सारी ऐसी जगह हैं जहां जाकर सुकून मिलता है। प्राकृतिक ख़ूबसूरती देखकर मन गदगद हो उठता है। इन्ही में से एक जगह ये भी जिसे आप अपनी स्क्रीन पर देख पा रहे हैं। इस वाटरफॉल की अनुपम छटा बस देखते ही बन रही है। रनेह फॉल नाम से जाने जाने वाला ये वाटरफॉल इन दिनों अपनी ख़ूबसूरती और नज़ारों के लिए चर्चित है। जो छतरपुर जिले में है। इसे निहारने और प्रकृति का सुखद अनुभव करने बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं।
इस प्रसिद्ध पर्यटन स्थल में लगातार बारिश के बाद जलप्रवाह काफी बढ़ गया है। केन नदी पर बने इस प्राकृतिक जलप्रपात का नजारा बारिश के बाद रोमांचक दिखाई दे रहा है। विशाल चट्टानी घाटियों के बीच तेज रफ्तार से बहती केन नदी और गिरता हुआ पानी पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
ये जगह खजुराहो से करीब 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। चारों तरफ चट्टानी पहाड़ियां, घाटियों के बीच बहता पानी और नदी का तेज बहाव पर्यटकों के लिए आकर्षण और उत्साह का केंद्र बना हुआ है। दरअसल बारिश के बाद नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। यहां का नज़ारा और भी दिलचस्प हो गया है। जिससे यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। और खास पलों को कैमरों में कैद कर रहे हैं।
वहीं सुरक्षा के मद्देनज़र और एहतियात के तौर पर प्रशासन ने अलर्ट भी जारी किया है। लोगों को तेज बहाव वाले हिस्सों, चट्टानों के किनारों और निचले इलाकों में जाने से मनाही की गई है। ताकि कोई घटना दुर्घटना न हो सके। इस बात का भी ध्यान रखा जा रहा है।------
प्रशासन की माने तो बारिश के दौरान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में ज़रा सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। पर्यटकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित सुरक्षित स्थानों से ही फॉल का आनंद लें और किसी भी हालत में पानी के बेहद करीब जाने या तेज बहाव में उतरने की कोशिश न करें।