MP में 90 घरेलू गैस सिलेंडरों से भरा वाहन पकड़ा, दिल्ली में कालाबाजारी का आरोप
एमपी के मुरैना में घरेलू गैस सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। बागचीनी थाना पुलिस ने थाने के सामने एक लोडिंग वाहन को रोककर तलाशी ली तो उसमें एक-दो नहीं, बल्कि 90 घरेलू गैस सिलेंडर भरे मिले। पुलिस के मुताबिक इन सिलेंडरों को कालाबाजारी के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था।
वाहन में सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। खास बात यह है कि दोनों आरोपी सिलेंडरों से संबंधित कोई दस्तावेज पुलिस के सामने पेश नहीं कर सके। पूरा मामला बागचीनी थाना क्षेत्र का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि लोडिंग वाहन क्रमांक DL 1 LT 3780 में बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर भरकर दिल्ली ले जाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर एएसआई मुकेश सिंह राजावत ने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी की। हालांकि वाहन बागचीनी चौखट्टा से निकल गया, जिसके बाद पुलिस ने पीछा करते हुए थाने के सामने वाहन को रोक लिया।
वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें 90 घरेलू गैस सिलेंडर लदे मिले। वाहन में दो युवक सवार थे। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों की पहचान 47 वर्षीय मुकेश पुत्र हजारी सिंह चौहान, निवासी सुरखुरू, थाना जहांगीराबाद, बुलंदशहर, हाल फतेहपुर दिल्ली और 39 वर्षीय दीपक पुत्र मनीष गुप्ता, निवासी संगम विहार, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने जब दोनों से सिलेंडरों को ले जाने से संबंधित दस्तावेज मांगे तो वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने सिलेंडरों को कथित तौर पर कालाबाजारी के लिए दिल्ली ले जाने की बात बताई।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने यह भी बताया कि सिलेंडर जौरा की चौबे इंडेन गैस एजेंसी, एमएस रोड से लोड किए गए थे। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर किस तरह और किन परिस्थितियों में दिल्ली ले जाए जा रहे थे। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। वाहन और 90 गैस सिलेंडर जब्त कर लिए गए हैं। अब जांच में सिलेंडरों की सप्लाई और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने की उम्मीद है।