Sagar - एलिवेटेड कॉरिडोर से गिरी युवती, देवदूत बनकर पहुंचे नाविक, बताई हैरान करने वाली वजह
सागर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के तहत आने वाले एलिवेटेड कॉरिडोर से बुधवार शाम एक युवती के तालाब में गिरने का मामला सामने आया। शाम करीब 5 से 5.30 बजे के बीच हुई इस घटना से मौके पर अफरा तफरी मच गई।
हालांकि, नाविकों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से युवती की जान बाल-बाल बच गई। कॉरिडोर से युवती को नीचे गिरते देख वहां से गुजर रहे राहगीर घबरा गए और जोर-जोर से शोर मचाने लगे। देखते ही देखते रेलिंग के पास भारी भीड़ जमा हो गई।
इसी बीच, तालाब में नाव चला रहे कुछ स्थानीय युवक अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने डूब रही युवती को सुरक्षित नाव में बैठाया और सकुशल बाहर निकाल लिया। बहरहाल युवती तालाब में उसी स्थान से गिरी जहां सुरक्षा जालियां नहीं लगी है। बीते दिनों हुए हादसों को देखते हुए प्रशासन ने कॉरिडोर पर जाली लगाने का काम शुरू किया है।
पुलिस के अनुसार युवती मूल रूप से बेगमगंज की रहने वाली युवती वर्तमान में सागर में अपनी छोटी बहन के साथ किराये का कमरा लेकर पढ़ाई कर रही है। पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने पर जब बहन थाने पहुंची, तो उसने बताया कि युवती पिछले तीन-चार दिन से काफी तनाव में थी। यह भी जानकारी सामने आई है कि कुछ समय पहले युवती के माता-पिता का तलाक हो चुका है। पुलिस इन तमाम पारिवारिक पहलुओं और मानसिक तनाव के बिंदुओं को ध्यान में रखकर गहराई से जांच कर रही है कि यह महज एक हादसा था या कुछ और
इधर घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस महिला स्टाफ के साथ तुरंत मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित थाने ले आई। कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंघल ने बताया कि पूछताछ के दौरान युवती ने दावा किया कि वह कॉरिडोर पर खड़ी थी, तभी अचानक उसे तेज चक्कर आ गए और वह संतुलन खोकर नीचे तालाब में जा गिरी।