Sagar - रील का टशन पड़ा महंगा, सोशल मीडिया पर कट्टा लहराकर फायरिंग करने वाला युवक गिरफ्तार
सागर जिले में सोशल मीडिया पर अवैध हथियार दिखाकर खौफ जमाने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस ने सख्ती दिखाई है। कैंट पुलिस की सजग साइबर मॉनिटरिंग और मैदानी तत्परता के चलते कट्टे के साथ फोटो-वीडियो वायरल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के पास से 315 बोर का अवैध देशी कट्टा और जिंदा कारतूस
बरामद हुआ है। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान कैंट पुलिस की नजर एक वीडियो पर पड़ी, जिसमें एक युवक देशी कट्टा लहराते हुए आपराधिक छवि चमकाने का प्रयास कर रहा था। मामला संज्ञान में आते ही कैंट थाना प्रभारी रोहित डोंगरे ने बिना वक्तगंवाए तकनीकी जांच शुरू की। पुलिस की इस तत्परता का नतीजा रहा कि चंद घंटों में आरोपी की पहचान चंद्रशेखर वार्ड निवासी शुभम पटेल के रूप में हो गई।
आरोपी की लोकेशन मिलते ही थाना प्रभारी डोंगरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कजलीवन मैदान के पास योजनाबद्ध घेराबंदी कर शुभम को हिरासत में ले लिया। तलाशी में उसके पास से हथियार बरामद हुआ, जिसके बाद आर्म्स एक्ट की धारा 25 (1-बी) में केस दर्ज किया गया।