Sagar-सुरखी के सुनील की चमकी किस्मत, अब मंत्री गोविंद राजपूत ने पल्सर बाइक गिफ्ट कर दी
सागर जिले की सुरखी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अगरा निवासी सुनील लोधी ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। फिल्म हनुमान अंश में उनके द्वारा गाया भजन मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई लोगों के बीच लोकप्रिय हो रहा है। उनकी सुरीली आवाज और भक्ति भाव से भरपूर गायन को दर्शकों की सराहना मिल रही है।
सुनील की इस उपलब्धि पर कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने उनसे मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं। बातचीत के दौरान मंत्री ने पूछा कि सुनील, तुम्हारी इच्छा क्या है, सुनील ने पल्सर बाइक लेने की इच्छा जताई। इस पर मंत्री राजपूत ने तत्काल उन्हें नई पल्सर बाइक उपहार में भेंट कर दी। मंत्री ने कहा कि सुनील जन्म से ही नेत्रों की कमजोरी से जूझ रहे हैं, लेकिन उन्होंने इसे अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। मेहनत, लगन और कला के प्रति समर्पण से उन्होंने अपनी पहचान बनाई है। फिल्म में भजन लोकप्रिय होना पूरे सुरखी क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
सुनील की प्रतिभा को मंच देने में युवा नेता आकाश सिंह राजपूत की भी भूमिका रही है। उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में सुनील को प्रस्तुति का अवसर दिया और उनके गीत-भजनों को प्रोत्साहित किया। युवा शक्ति संगठन के माध्यम से भी उन्हें मंच उपलब्ध कराया गया।
बता दें कि एक समय सुनील केवल अपने गांव में तमूरा की धुन पर बुंदेली भजन गाते थे बुजुर्गों के साथ संगत करते थे लेकिन फिर सोशल मीडिया के युग में उन्होंने अपने मामा के माध्यम से रील बनाना शुरू किया, फिर क्या धीरे-धीरे उनकी जिंदगी में बदलाव आना शुरू हो गया रील से शुरू हुआ सफर अब माया नगरी मुंबई से बॉलीवुड फिल्मों तक पहुंच गया है इतना ही नहीं अब उन्हें बॉलीवुड से ऑफर पर ऑफर आ रहे हैं गणेश उत्सव सहित अन्य कार्यक्रमों के लिए उनके शो की देशभर में डिमांड की जा रही है यहां तक की महंगी महंगी उपहार भी मिलने लगे हैं