दर्द से कराहती रही गर्भवती, नहीं आई एम्बुलेंस, दलदल वाले रास्ते से पैदल खाट पर ले गए 2 किमी
आज के दौर में भी लोग बुनियादी सुविधाओं से जूझ रहे हैं। आज भी ऐसी तस्वीरें सामने आ रही हैं जो शर्मसार कर देने वाली हैं। महिला को हुई प्रसव पीड़ा के बाद एम्बुलेंस को सूचना दी गयी। लेकिन करीब तीन घंटे तक इंतजार करने के बाद भी एम्बुलेंस नहीं पहुंची तो ऐसे में खाट ही सहारा था। जिसके बाद लोगों को मजबूरी में प्रसूता को खाट पर लिटाकर 2 किलोमीटर पैदल चलकर उसे अस्पताल ले जाना पड़ा। क्योंकि गांव तक जाने पक्का रास्ता नहीं था।
कच्चे और कीचड़ भरे रास्ते से लोगों को गुजरना पड़ा। मामला छतरपुर जिले के बक्सवाहा क्षेत्र के ग्राम पंचायत निमानी के मझरा टोला पडसिला का है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिससे स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हुए थे। अब इस मामले में मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी ने संज्ञान लिया है। उन्होंने माना है की इसमें 108 एम्बुलेंस की लापरवाही है। और सम्बंधित लोगों पर कार्यवाई की बात भी कही।
बताया जा रहा है की छतरपुर जिले के बक्सवाहा के मझरा टोला पडसिला से स्वास्थ्य विभाग को ठेंगा दिखाती तस्वीर सामने आई थी। बीते दिनों प्रसव पीड़ा से जूझ रही 30 साल की सुनीता भिलाला को अस्पताल पहुंचाने एम्बुलेंस को सूचना दी गई थी। लेकिन 3 घंटे इंतजार के बाद भी वाहन नहीं पहुंचा। रास्ता कच्चा और दलदल भरा था। जिससे महिला को खाट पर लिटाकर 2 किमी पैदल मुख्य मार्ग तक लेकर गए। इसके बाद निजी वाहन से उसे अस्पताल पहुंचाया। ग्रामीणों ने कलेक्टर और विधायक से भी मदद मांगी थी।
मामले में CMHO राजेंद्र गुप्ता ने संज्ञान लिया है उन्होंने 108 एम्बुलेंस स्टाफ की लापरवाही मानी। वहीं एमडी एनएचएम को पत्र लिखकर संबंधित एंबुलेंस कर्मचारी और अन्य शामिल स्वास्थ्य कर्मियों पर कार्रवाई करने की बात कही है तीन बार फोन करने के बाद भी एम्बुलेंस नहीं पहुंची। घोर लापरवाही बताते हुए सख्त कार्रवाई करने की बात कही।