आधी रात बना हनुमान मंदिर का चबूतरा, सड़क चौड़ीकरण को लेकर फिर गरमाई सियासत
एमपी के उज्जैन के कंठाल चौराहे पर सड़क चौड़ीकरण के दौरान करीब 100 साल पुराने संकटमोचन हनुमान मंदिर को हटाए जाने का मामला एक बार फिर गरमा गया है। मंदिर हटाए जाने से नाराज स्थानीय रहवासियों ने बुधवार देर रात एकजुट होकर मंदिर की बची हुई जमीन पर चबूतरा बना दिया। चबूतरे पर हनुमानजी की तस्वीर रखकर पूजा-अर्चना भी की गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हुआ और मौके पर पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
मामला उज्जैन के व्यस्त कंठाल चौराहे का है। सड़क चौड़ीकरण के दौरान यहां स्थित प्राचीन संकटमोचन हनुमान मंदिर को तोड़ा गया था। स्थानीय लोगों के मुताबिक मंदिर करीब एक सदी पुराना था और इससे क्षेत्र के लोगों की गहरी धार्मिक आस्था जुड़ी हुई थी।
रहवासियों का आरोप है कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान तय सीमा से ज्यादा हिस्सा तोड़ा गया। उनका कहना है कि अधिकारियों ने मंदिर के लिए दूसरी जगह व्यवस्था करने का आश्वासन दिया था, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी वादा पूरा नहीं हुआ।
इसी नाराजगी के चलते बुधवार देर रात सौ से अधिक रहवासी मौके पर जुटे। लोगों ने मंदिर की बची हुई करीब ढाई फीट जमीन पर चबूतरा तैयार किया और उस पर हनुमानजी की तस्वीर रखकर पूजा-अर्चना शुरू कर दी।
अचानक बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने और चबूतरा बनाए जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने और हालात नियंत्रण में रहें।
रहवासियों ने साफ कहा है कि यह फिलहाल सांकेतिक स्थापना है। उनका कहना है कि आने वाले समय में शुभ मुहूर्त देखकर विधिवत रूप से भगवान हनुमान की नई प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी।