पन्ना में जलप्रलय का खौफ, छत पर फं सी 12 जिंदगियां; SDRF ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
मध्य प्रदेश के सागर संभाग के पन्ना जिले में मूसलाधार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। नदियां उफान पर हैं, निचले इलाकों में पानी भर गया है और कई रास्तों पर आवाजाही रोकनी पड़ी है। अमानगंज में मिढ़ासन नदी खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गई, तो पन्ना के धाम मोहल्ले में किलकिला नदी के ओवरफ्लो होने से घरों में पानी घुस गया। इसी बीच एक मकान की छत पर फंसे 12 लोगों की जान सांसत में आ गई। हालांकि SDRF, सिविल डिफेंस और पुलिस की टीम ने चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पन्ना में बारिश के बाद सामने आई ये तस्वीरें हालात की गंभीरता बयां कर रही हैं। अमानगंज में मिढ़ासन नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। पुलिस और प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
अमानगंज थाना प्रभारी हेमंत नायक ने खुद मोर्चा संभालते हुए पुलिस वाहन और लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को अलर्ट किया। वार्ड नंबर 3, वार्ड नंबर 4 और नदी घाट के आसपास रहने वाले परिवारों से तत्काल घर खाली करने को कहा गया। प्रभावित लोगों के लिए कन्या और बॉयज स्कूल में राहत शिविर बनाए गए हैं। वहीं अमानगंज-पन्ना मुख्य मार्ग के पुल पर आवागमन रोककर बैरिकेडिंग की गई है।
उधर पन्ना के धाम मोहल्ले में किलकिला नदी के ओवरफ्लो होने के बाद पानी तेजी से बस्ती में घुस गया। देखते ही देखते कई मकान पानी से घिर गए। इसी दौरान एक कुशवाहा परिवार के 12 सदस्य मकान की छत पर फंस गए। इनमें बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे।
पानी का बहाव तेज था और नीचे बाढ़ का पानी लगातार बढ़ रहा था। सूचना मिलते ही SDRF, सिविल डिफेंस और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन आसान नहीं था। पानी के भीतर कंटीले तार और कचरा मौजूद होने के कारण बोट चलाने में भी मुश्किलें आ रही थीं।
चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद SDRF और पुलिस के जवानों ने सावधानी से रेस्क्यू ऑपरेशन आगे बढ़ाया। टीम ने एक-एक कर छत पर फंसे सभी 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते हुए हुए इस रेस्क्यू से एक बड़ा हादसा टल गया।
पन्ना पुलिस और SDRF की टीम की मुस्तैदी की सराहना की जा रही है। प्रशासन ने अमानगंज और आसपास के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
पन्ना में बारिश का दौर अभी भी चिंता बढ़ा रहा है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे खतरे वाले इलाकों को तुरंत खाली करें और नदी या तेज बहाव वाले पानी के पास जाने से बचें।