भारी बारिश के बाद पानी का तांडव शहर तरबतर, बिगड़ गए हालात, घरों मंदिरों में तक घुसा पानी
लगातार मूसलाधार बारिश से लोगों के हाल बेहाल नज़र आ रहे हैं। शहर बारिश से तरबतर हो गया। एक तरफ जहां नदी नाले उफान पर आ गए हैं वहीं घरों में पानी घुस गया। हालात इस कदर बिगड़े की कलेक्टर को स्कूलों की छुट्टी घोषित करनी पड़ी। जल तांडव पन्ना जिले में देखने मिला। दरअसल पिछले करीब 15 दिनों से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। पिछले तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए।
पन्ना शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कई घरों में पानी घुस गया। जिससे सामान भी खराब हो गया। कई जगह सड़कों में पारी भर गया। बारिश के बाद लोग नगर पालिका की व्यवस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं तो कहीं इसे अतिवृष्टि का असर बताया जा रहा है। शहर के निचले इलाकों में पानी जमा होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुंजवन का सीतला देवी मंदिर भी पानी की चपेट में आ गया था।
लगातार बारिश से जिले की प्रमुख नदियां केन, व्यारमा, मिढ़ासन और पतने उफान पर हैं। नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने के बाद कई स्थानों पर रास्तों पर पानी आ गया है। पुल और रपटों पर पानी का बहाव होने के चलते पुलिस ने लोगों को सतर्क किया है। जगह-जगह पुलिस बल तैनात कर लोगों को पानी के तेज बहाव वाले स्थानों और पुलों को पार नहीं करने की हिदायत दी जा रही है। वहीं बारिश का सबसे खतरनाक और रोमांचक रूप पन्ना के प्रसिद्ध बृहस्पति कुंड में देखने को मिल रहा है।
लगातार बारिश के बाद यहां झरने और जलप्रपात विकराल रूप में बह रहे हैं। पानी का बहाव बेहद तेज हो गया है पूरे क्षेत्र में जल तांडव जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। कुंड तरफ जाने वाले कई मार्ग प्रभावित हुए। पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। प्रशासन ने चेताया की उफनते पानी के नजदीक जाना या अन्य लापरवाही करना जानलेवा साबित हो सकता है।
भारी बारिश को लेकर कलेक्टर उषा परमार ने स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित किया था। पन्ना जिले में बरसात आफत की बारिश साबित हो रही है इसलिए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है।