Sagar-मकरोनिया ‘बिना अनुमति’ बनाये डिवाइडर, ओवरब्रिज के पिलर आए तो फिर तोड़ने पड़ेंगे !
सागर के मकरोनिया चौराहे से बहेरिया की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगर पालिका ने डिवाइडर बनवाए हैं। एनएचएआई की इस सड़क पर डिवाइडर बनाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से अनुमति या अनापत्ति भी नहीं ली है। नियमानुसार टू लेन एनएच पर डिवाइडर तभी बनाए जा सकते हैं जब प्रत्येक लेन की चौड़ाई 3.5 मीटर व पेव्ड शोल्डर वाली सड़क हो। यहां ऐसा नहीं है। बावजूद इसके डिवाइडर बनाए हैं।
वह भी तब जब यहां ओवरब्रिज बनाया जाना प्रस्तावित है। इसकी घोषणा मंत्री ने की है। ओवरब्रिज बनाया जाता है तो इसके पिलर वहीं बीचोंबीच आएंगे जहां डिवाइडर बनाए जा रहे हैं। पिलर बनाने के लिए डिवाइडर टूटेंगे, जो बचेंगे वे ओवरब्रिज बनने के बाद अनुपयोगी हो जाएंगे। जाम की समस्या दूर करने के लिए बनाए गए इन डिवाइडरों के बाद भी स्थिति नहीं सुधरी है। सुबह 10 से 12 व शाम को 4 से 8 बजे तक अक्सर चौराहे से ओवरब्रिज तक जाम रहता है। बस निकलते वक्त सवारियों को बैठाने खड़ी होते ही जाम लग जाता है।
सूचना अधिकार के तहत मांगी जानकारी में एनएचएआई ने बताया कि डिवाइडर बनाने के लिए अनुमति या अनापत्ति नहीं ली गई है।
इस सड़क पर अतिक्रमण सहित अन्य समस्याएं हैं। मकरोनिया चौराहे पर शराब दुकान के पास अक्सर वाहनों की भीड़ लगी रहती है। आगे निजी ट्रांसफार्मर सड़क पर लगा हुआ है। दो मीटर सड़क ट्रांसफार्मर के पास बाधित होती है। आगे भी सड़क के दोनों ओर बिजली खंभे सहित अलग-अलग व्यावसायिक ट्रांसफार्मर रखे हैं
मकरोनिया नपा सीएमओ पवन शर्मा ने एनएचएआई की बिना अनुमति के डिवाइडर बनवाने के संबंध में बताया कि यह निर्णय सड़क सुरक्षा समिति में हुआ था। सड़कों के लिए यह समिति सबसे बड़ी होती है। इसमें एनएचएआई के अफसर भी शामिल होते हैं।