गरीबों के राशन पर सिंधिया का गुस्सा, बोले- लूट करने वालों को नहीं छोड़ेंगे
गरीबों को राशन नहीं मिलने की शिकायत पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का गुस्सा फूट पड़ा। तीन दिवसीय शिवपुरी दौरे के दौरान कोलारस और बदरवास विकासखंड से गरीब परिवारों को तीन महीने से राशन नहीं मिलने की शिकायत सिंधिया तक पहुंची। इसके बाद मंच से ही उन्होंने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और साफ शब्दों में कहा कि गरीबों के राशन में गड़बड़ी और चोरी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एमपी के शिवपुरी दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों से उन्हें शिकायत मिली कि कई गरीब परिवारों को लगातार तीन महीने से सरकारी राशन नहीं मिला है। शिकायत सामने आते ही सिंधिया ने मंच से ही अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
सिंधिया ने कहा कि गरीबों के हक का राशन किसी भी कीमत पर नहीं रुकना चाहिए। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से भी गांव-गांव जाकर प्रशासन के साथ मिलकर राशन वितरण की निगरानी करने को कहा।
मंच से सिंधिया ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि गरीबों के राशन में गड़बड़ी करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाए। उन्होंने ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजने की बात कही।
सिंधिया की फटकार के बाद प्रशासन भी हरकत में नजर आया। अधिकारियों ने प्रभावित गांवों में अपनी निगरानी में राशन का वितरण कराया, ताकि पात्र हितग्राहियों को उनका हक मिल सके।
वहीं बदरवास विकासखंड के ग्राम बड़ोखर में राशन वितरण में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। प्रशासन ने सेल्समैन योगेश जाट के मकान पर बुलडोजर चलाकर उसे गिरा दिया।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। प्रशासन की ओर से राशन व्यवस्था में अनियमितता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दिया गया है।
शिवपुरी में गरीबों के राशन को लेकर केंद्रीय मंत्री की सख्ती के बाद प्रशासन भी एक्शन मोड में दिखाई दे रहा है। अब देखना होगा कि राशन वितरण में सामने आई शिकायतों पर आगे कितनी कार्रवाई होती है और पात्र परिवारों तक उनका पूरा हक कब तक पहुंचता है।