सागर- अंतिम संस्कार की बात पर बवाल, बॉडी रखकर बोले मुक्तिधाम नहीं तो सड़क पर करेंगे अंतिम संस्कार
सागर के विश्वविद्यालय रोड पर लोगों ने डेड बॉडी रखकर चक्काजाम कर दिया। साथ ही आक्रोशित लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा की अगर जगह नहीं मिली तो सड़क पर ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। लोग ट्रॉली में अपने साथ लकड़ियां भी लेकर आये थे। काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। करीब डेढ़ घंटे तक सड़क पर जाम के हालात बने रहे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और विश्वविद्यालय प्रबंधन की समझाइश पर लोग शांत हुए।
बताया जा रहा है की सागर से लगे पथरिया जाट के ग्वालीपुरा रैयातबाड़ी में मुक्तिधाम की जगह को लेकर हंगामा हुआ। ग्रामीण डेड बॉडी लेकर यूनिवर्सिटी रोड पर वैली कैंपस के सामने पहुंचे और मुक्तिधाम की जगह दिलाने की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। बॉडी को सड़क पर रख दिया। ट्रैक्टर-ट्रॉली में अंतिम संस्कार करने लकड़ी और अन्य सामग्री भी रखी हुई थी। आक्रोशित लोगों का कहना था की मुक्तिधाम की जगह नहीं मिली तो सड़क पर ही अंतिम संस्कार करेंगे। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। समझाइश देकर लोगों को शांत कराया। वहीं UTD के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। बातचीत के बाद अंतिम संस्कार के लिए जगह दी गई। जिसके बाद मामला शांत हुआ।
जानकारी के मुताबिक ग्वालीपुरा रैयातबाड़ी का मुक्तिधाम पहले वैली कैंपस के अंदर था। लेकिन कैंपस का निर्माण होने से विश्वविद्यालय प्रबंधन ने मुक्तिधाम बंद कर दिया। ग्रामीणों को अंतिम संस्कार करने दूसरी जगह दी गई। लेकिन वहां कुछ लोगों द्वारा आपत्ति लेने से ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए परेशान हो रहे हैं। गांव के उमाशंकर यादव उम्र 50 साल का निधन होने के बाद लोग अंतिम संस्कार करने पहुंचे थे। जहां विरोध प्रदर्शन किया गया।