सागर जिले के युवक की हादसे में गई जान, गुस्साए लोगों ने किया चक्काजाम, फिर मनाने पहुंचे पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव
सागर जिले के शाहपुर थाने की सीमा से लगे हुए दमोह के पथरिया थाना क्षेत्र में एक युवक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गया। जिससे उसकी जान चली गयी। गुस्साए लोगों ने कार्यवाई की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। तभी मौके पर पूर्व मंत्री और रहली विधायक गोपाल भार्गव पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाइश दी तब लोग माने। इसके बाद डेड बॉडी को अंतिम संस्कार के लिए लेकर गए। मृतक की पहचान श्रीराम यादव के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है की सागर के शाहपुर की सीमा क्षेत्र से बाहर पथरिया थाने के ढूंडा गांव में हुए सड़क हादसे में युवक की जान चली गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने तत्काल FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर सड़क पर चक्काजाम लगा दिया। जिससे कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। जाम की सूचना मिलने के बाद रहली एसडीओपी प्रकाश मिश्रा, थाना प्रभारी उपमा सिंह और चौकी पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटना पर दुःख जाहिर करते हुए परिजनों से बातचीत की। साथ ही निष्पक्ष कार्रवाई और मदद का भरोसा दिलाया। जिसके बाद लोग शांत हुए और जाम हटाते हुए बॉडी को अंतिम संस्कार के लिए लेकर गए।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दुर्घटना स्थल दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत आता है सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज, पुलिस चौकी द्वारा घटना की आधिकारिक सूचना पथरिया थाने को भेज दी गई है। जहां पथरिया थाना पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए हादसे के कारणों और सम्बंधित वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।