Sagar- श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर ऐतिहासिक बाइक रैली, जेसीबी मशीनों से बरसे फूल, 40 किमी. तक गूंजा कृष्ण नाम
सागर जिले में शाहगढ़ क्षेत्र में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का ऐतिहासिक आयोजन किया गया। एक तरफ जहां हज़ारों बाइकों से भव्य बाइक रैली निकाली गयी। वहीं किलोमीटर के कृष्ण जी के जयकारे लगाए गए। इस रैली में जनसैलाब नज़र आया। जगह-जगह जेसीबी मशीनों से पुष्प वर्षा की गयी। बताया गया की यादव महासभा द्वारा आयोजित विशाल श्रीकृष्ण जन्माष्टमी बाइक रैली में करीब 5 हजार बाइक और सैकड़ों चार पहिया वाहन शामिल हुए। पीले ध्वजों से सजे वाहनों का काफिला जहां से भी गुजरा। वहां भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
जानकारी के मुताबिक इस भव्य बाइक रैली की शुरुआत छतरपुर-सागर जिले की सीमा पर स्थित बुंदेलखंड की प्रसिद्ध आबार माता मंदिर प्रांगण के श्री राधा-कृष्ण मंदिर से हुआ। जहां मध्य प्रदेश शासन की महिला आयोग अध्यक्ष, राज्य मंत्री रेखा यादव और सुधीर यादव ने ध्वज दिखाकर रैली को रवाना किया। आगे-आगे कृष्ण जी के भक्ति गीत गूंज रहे थे। तो हजारों की संख्या में शामिल युवा उत्साह के साथ जयघोष लगा रहे थे। इस रैली का जगह-जगह स्वागत भी किया गया। कई जगहों पर जेसीबी से पुष्पवर्षा की गयी। रामटोरिया पहुंचने पर युवा नेता राहुल यादव ने साथियों समेत जेसीबी से फूल बरसाए।
रैली हलावनी, बमनोरा तिगड्डा, नरवा और शिवपुरी होते हुए आगे बढ़ी। बमनोरा तिगड्डा पर समाजसेवी जाहर सिंह मारोत ने श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया। तो सिमरिया में जनपद अध्यक्ष मनीष चीकू यादव ने जलपान की व्यवस्था कर पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया। बताया गया की रैली में शामिल लोगों ने करीब 40 किलोमीटर का सफर तय किया। एक तरह से परिक्रमा लगाई गयी।
रैली के समापन के बाद मंदिर परिसर में यादव महासभा के नेतृत्व में कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था। जिसमें भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके संदेशों को याद करते हुए शिक्षा, सामाजिक एकता, संगठन और समाज के युवाओं की सकारात्मक भूमिका पर जोर दिया गया।-