सागर- उत्साह और उमंग के साथ मनाई जन्माष्टमी, आकर्षक झांकी के साथ निकली रैली, भव्य आयोजन
सागर जिले के देवरी में उत्साह और उमंग के साथ श्री कृष्ण जन्माष्टमी मनाई गयी। चौसठ योगिनी धाम से रैली का आयोजन किया गया था। जिसका जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। वहीं कृषि उपज मंडी में कृष्ण दरबार सजाया गया। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर देवरी नगर कृष्ण भक्ति में सराबोर नजर आया। यादव समाज ने विशाल वाहन रैली निकाली। जिसमें नगर आसपास क्षेत्रों के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। डीजे और भगवान श्रीकृष्ण की झांकी के साथ निकली रैली का नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया।
बताया गया की वाहन रैली का शुभारंभ महाराजपुर के पनारी स्थित प्रसिद्ध चौसठ योगिनी धाम से हुआ। जहां से रैली महाराजपुर फोरलेन मार्ग होते हुए देवरी नगर पहुंची। कांग्रेस कार्यालय गैस एजेंसी के पास पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव ने अपने समर्थकों के साथ पुष्प वर्षा और फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद वाहन रैली सहजपुर चौराहा, बस स्टैंड, नगर पालिका चौराहा और सिविल लाइन चौराहा होते हुए कृषि उपज मंडी प्रांगण पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने रैली का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। सिविल लाइन चौराहे पर जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, पत्रकारों समेत अन्य लोगों ने पुष्पवर्षा कर भगवान श्रीकृष्ण की झांकी और वाहन रैली का स्वागत किया।
रैली के कृषि उपज मंडी परिसर पहुंचने के बाद मंच पर छोटे बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी के रूप में विराजमान किया गया था। समाज के लोगों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनकी लीलाओं और उनके आदर्शों का वर्णन करते हुए समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने का संदेश दिया। साथ ही शिक्षा को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए युवाओं और बच्चों से श्रीकृष्ण के विचारों और आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान भी किया गया। इस मौके पर कई लोगों की मौजूदगी रही।