Sagar- बारिश ने बढ़ाई लोगों की समस्याएं, CM की घोषणा का अब तक अमल नहीं, फिर खत रे का सफर !
सागर जिले के बीना क्षेत्र में लगातार बारिश के बाद लोगों की समस्याएं बढ़ गयी हैं। बारिश का पानी बढ़ने से पुलिया पानी में डूब जाती है और गांव का संपर्क कट जाता है। लोगों को जान जोखिम में डालकर पुल को पार करना पड़ता है। एक छोटी सी लापरवाही घातक साबित हो सकती है। ख़ास बात ये भी है की करीब दो साल पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुल निर्माण के लिए करीब साढ़े चार करोड़ रूपये की घोषणा की थी।
लेकिन अभी तक काम ही शुरू नहीं हो पाया है। यहां बात बीना के गढ़ा-पड़रिया गांव को जोड़ने वाली सिलार नदी की पुलिया की हो रही है। जो करीब तीन से चार फीट ऊंची है। तेज बारिश होने से पुलिया पानी में डूब जाती है। गांव का संपर्क लगभग कट जाता है। दो दिन से लगातार हो रही बारिश से यह स्थिति बनी हुई है। ग्रामीण जान जोखिम में डालकर पानी के बीच से निकलने को मजबूर हैं।
बताया गया की बीना-भोपाल रोड से रामनगर के पास से गढ़ा-पड़रिया गांव जाने वाले रास्ते पर सिलार नदी की यह पुलिया बारिश में मुसीबत बन जाती है। पानी पुलिया के ऊपर से बहने के कारण आवागमन बंद हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है की करीब तीन साल पहले पुलिया पार करते समय एक युवक तेज बहाव में बह गया था। जिसकी डेड बॉडी अगले दिन मिली थी। इसके बावजूद यहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक यह गांव का प्रमुख रास्ता है। लेकिन बारिश के तीन महीनों में सबसे ज्यादा परेशानी जाती है। 9 सितंबर 2024 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिलार नदी पर पुल बनाने साढ़े चार करोड़ रुपए की घोषणा की थी। दो साल पूरे होने को है लेकिन दो साल बाद भी निर्माण शुरू नहीं हुआ। ग्रामीणों ने जल्द पुल निर्माण और पुलिया पर सुरक्षा इंतजाम की मांग की है।------