लगातार दो दिन से जारी बारिश से हालात बेकाबू,नदी में उफान आने से कॉलोनी को कराना पड़ा खाली !
लगातार दो दिनों से लगातार बारिश के बाद अब हालात बेकाबू होने लगे हैं। नदी के उफान पर आने की वजह से कॉलोनी को खाली कराने की नौबत आ गयी है। दरअसल झमाझम बरसते पानी से सब्जी मंडी की दुकानों में पानी घुस गया। वहीं एक गार्डन की दीवार भी धराशाई हो गयी। साथ ही प्रशासन कॉलोनी के घरों को खाली कराने में जुटा हुआ है। ये मंज़र एमपी के श्योपुर जिले का है। जहां बारिश से हालात बिगड़ने लगे हैं। लगातार बारिश से क्वारी नदी उफान पर आ गई है। जिससे शहर के निचले इलाकों में पानी भरने लगा है। सब्जी मंडी की दुकानों में पानी घुस गया। तो कोठारी गार्डन की दीवार भी पानी भरने के कारण गिर गई। सूचना मिलते ही तहसीलदार और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से जलभराव वाले इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
बताया गया की बारिश से रनसिंह कॉलोनी में भी हालात चिंताजनक हो गए हैं। यहां पानी भरने के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने कॉलोनी को खाली कराने की कवायद शुरू की। 20 से ज्यादा घरों को खाली कराया जा रहा है ताकि अप्रिय स्थिति न बने। प्रशासनिक अमला लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने समझाइश दे रहा है। राजस्व विभाग के कर्मचारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
दो दिनों से बारिश जारी है जिससे क्वारी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी में उफान आने से आसपास के निचले इलाकों में पानी भरने की स्थिति बन गई है। सब्जी मंडी में दुकानों तक पानी पहुंचने से व्यापारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल प्रशासनिक टीम को सुरक्षित जगहों पर पहुंचा रही है। लगातार संवेदनशील इलाकों की निगरानी की जा रही है।