Sagar-बरियाघाट में मेगा हेल्थ कैंप, 678 लोगों की मुफ्त जांच-इलाज; महंगी टेस्ट से दवाओं तक सब फ्री
स्वर्गीय श्रीमती सुशीला भोलानाथ पुरोहित, पूर्व प्राचार्य एवं शिक्षाविद्, की स्मृति में शिक्षक दिवस के अवसर पर बरियाघाट वार्ड में निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। वार्ड पार्षद श्रीमती वैदेही पुरोहित एवं BPCM इंस्टीट्यूट के संयुक्त तत्वावधान में तथा इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) सागर एवं स्वास्थ्य विभाग सागर के सहयोग से आयोजित इस शिविर में 678 नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के दौरान 11 नए शुगर मरीजों की पहचान हुई।
शिविर का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के घर के नजदीक पहुंचाने के साथ गंभीर एवं गैर-संचारी बीमारियों की समय रहते पहचान करना रहा। शिविर में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज एवं जिला अस्पताल सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने नागरिकों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया।
शिविर में विशेष रूप से मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, बढ़े हुए कोलेस्ट्रॉल एवं अन्य गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग पर ध्यान दिया गया। नागरिकों को ब्लड प्रेशर, फास्टिंग एवं पोस्टप्रैंडियल ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल एवं लिपिड प्रोफाइल, HbA1c, विटामिन D3, ECG, आवश्यकतानुसार एक्स-रे, नेत्र परीक्षण तथा मानसिक स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
इसके साथ ही कम्प्यूटरीकृत श्वसन जांच यानी PFT के माध्यम से सांस एवं फेफड़ों से संबंधित समस्याओं की भी जांच की गई। मरीजों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम के मुख्यातिथि नगर विधायक शैलेंद्र जैन ने शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बरियाघाट वार्ड पार्षद वैदेही दीदी पुरोहित की पहल से हुए ये स्वास्थ्य शिविर एक शुरआत है शहर के दूसरे वार्डो में भी अब ऐसी शिविर लगाए जाना चाहिए। उन्होंने बदलती जीवनशैली, तनाव, अनियमित खान-पान और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय रोग जैसी बीमारियां बढ़ रही हैं। ऐसे में बीमारी के उपचार के साथ-साथ नियमित स्वास्थ्य जांच, जागरूकता और रोकथाम पर भी ध्यान देना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि चिकित्सा विशेषज्ञों को सीधे समुदाय तक पहुंचाने की ऐसी पहल निश्चित रूप से जनहित में महत्वपूर्ण है।
वही IMA सागर अध्यक्ष डॉ. तल्हा साद ने कहा कि शिविर का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य जांच करना नहीं, बल्कि लोगों को नियमित स्क्रीनिंग और बीमारी की शुरुआती पहचान के प्रति जागरूक करना भी है।
बरियाघाट वार्ड की पार्षद श्रीमती वैदेही पुरोहित ने शिविर की व्यवस्थाओं एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण सहयोग किया। उन्होंने कहा कि वार्ड में इस प्रकार के शिविर से नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श की सुविधा मिली।
उन्होंने IMA सागर एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी क्षेत्र के नागरिकों के हित में ऐसी स्वास्थ्य सेवाओं एवं जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
सिविल सर्जन डॉ. आर.एस. जयंत ने भी शिविर की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को अस्पतालों से बाहर निकालकर सीधे समुदाय तक पहुंचाना और नियमित स्क्रीनिंग को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।
इस सफल निशुल्क शिविर में डॉ. एस.एम. सिरोठिया, डॉ. प्रदीप चौहान, डॉ. ज्योति चौहान, डॉ. जितेंद्र सराफ, डॉ. संज्योत माहेश्वरी, डॉ. प्रशांत तिवारी, डॉ. लिप्सा धार, डॉ. राजकुमार खरे, डॉ. पी.के. रोहन, डॉ. राजेंद्र केशरवानी, डॉ. मोनिका जैन, डॉ. आर.एस. जयंत एवं डॉ. अनिल तिवारी सहित अन्य चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने सेवाएं प्रदान कीं।