Sagar - रात में शराब पीकर सोए थे एक के बाद एक 9 लोगों के साथ अनहोनी से हड़कंप, कलेक्टर एसपी मौके पर
सागर जिले के बंडा में संदिग्ध परिस्थितियों में 9 लोगों की मौत से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि शनिवार रात घूघर, नौराज, बराज सहित आसपास के चार गांवों के लोगों ने शराब का सेवन किया था। इसके बाद कई लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई।
रविवार सुबह परिजन बीमार लोगों को बंडा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी लोगों को मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी में मौत की वजह जहरीली शराब के सेवन की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी अनुराग सुजानिया पुलिस एवं प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया जहरीली या अवैध शराब पीने कुछ लोगो की मौत हुई है। बाकी लोगो की सिविल अस्पताल में जांच चल रही है। साथ ही जो प्रभावित क्षेत्र है वहाँ डॉक्टर और एसडीएम की टीम लगाई गई है जिन्होंने भी पिछले 24 से 48 घंटो में शराब पी है या उन्हें कोई भी लक्षण नजर आ रहे है वो अपनी स्क्रीनिंग जरूर करवाएं।प्रशासन द्वारा पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। उसके बाद करवाही की जाएगी।
वहीं, प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. देवेश पटेरिया ने बताया कि 9 लोगो की मौत का आंकड़ा सामने आया है । कुछ लोगो को रेफर किया गया है। जो हॉट स्पॉट है वहां घर घर जा कर स्क्रीनिंग की जा रही है।
मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल है।