सागर- बंडा शराब त्रासदी पर कांग्रेस का हल्लाबोल, सांसद का रास्ता रोका; जांच की मांग | SAGAR TV NEWS
सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब से करीब 14 लोगों की मौत और कई लोगों के बीमार होने की घटना के बाद सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया। जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर पीड़ितों और मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए और सांसद लता वानखेड़े का रास्ता रोककर नाराजगी जताई। बंडा शराब त्रासदी के बाद कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता जिला चिकित्सालय पहुंचे। महेश जाटव ने पीड़ितों और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली। कांग्रेस नेताओं ने मेडिकल कॉलेज में अव्यवस्थाओं का आरोप लगाया। उनका कहना था कि मरीजों को पलंग तक उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं।
इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सांसद लता वानखेड़े का रास्ता रोक दिया और घटना को लेकर नाराजगी जताई। बाद में जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने संभागायुक्त को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने आरोप लगाया कि बंडा क्षेत्र में अवैध शराब को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने इस घटना को शासन-प्रशासन की लापरवाही का परिणाम बताते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की।
पूर्व विधायक सुनील जैन ने जिम्मेदार पुलिस और आबकारी अमले के साथ कलेक्टर और एसपी को तत्काल हटाने की मांग की। कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराने और बरेठी, बंडा, शाहगढ़, मगरधा, विनायका, दलपतपुर और बरायठा समेत अन्य क्षेत्रों में शराब दुकानों की सीलिंग और सैंपलिंग कराने की मांग रखी। कांग्रेस नेता अमित रामजी दुबे ने सभी पीड़ितों को निःशुल्क और बेहतर उपचार देने की मांग की। साथ ही मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपए की सहायता और बीमार लोगों को भी आर्थिक मदद देने की मांग उठाई।
वहीं पूर्व सांसद आनंद अहिरवार ने अवैध शराब कारोबार पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने दोषियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज करने की मांग भी रखी। कांग्रेस ने कहा कि बंडा की घटना को लेकर सिर्फ जांच ही नहीं, बल्कि अवैध शराब के पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई जरूरी है। बंडा शराब त्रासदी के बाद अब सागर में सियासत भी तेज हो गई है। कांग्रेस ने सरकार और प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाते हुए न्यायिक जांच, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इन मांगों पर क्या कदम उठाता है।