सागर- गड्ढों में तब्दील हुई सड़क, गड्ढे में फंसने से पलट गया लोहे के सरिये से भरा पिकअप,सरिये बिखरे
सागर जिले के बीना क्षेत्र में बनी एक सड़क अब जानलेवा साबित हो रही है सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। जिनमें पानी भरा होने से अंदाज़ा नहीं होता की गड्ढा कितना बड़ा है आगासौद-मुंगावली मार्ग पर गड्ढे अब हादसों को न्योता दे रहे हैं। इसी बीच एक हादसा भी सामने आया है। जहां आगासौद में गड्ढे में फंसने से लोहे की एंगल से भरी पिकअप पलट गई। हादसे के बाद सड़क पर एंगल बिखरने से लंबा जाम लग गया। खास बात यह है कि करीब तीन साल पहले करोड़ों रुपए की लागत से बनी इस सड़क की हालत अब सवाल खड़े कर रही है। जगह-जगह गड्ढे हैं। यहां से निकलने वालों को हर पल ख़तरा सताता है। पिकअप पलटने से कई लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
आगासौद गांव में प्रमोद कुशवाहा के मकान के सामने गहरे गड्ढे में पानी भरा हुआ था। इसी दौरान लोहे की एंगल लेकर जा रहे पिकअप वाहन का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क पर पलट गया। पिकअप में रखी लोहे की एंगल सड़क पर फैल गईं। जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
बताया गया की इस मार्ग पर रिफाइनरी और जेपी पावर प्लांट से जुड़े टैंकर, डंपर और अन्य भारी वाहन लगातार गुजरते हैं। ग्रामीणों का आरोप है रिफाइनरी ओर जेपी पावर प्लांट के भारी वाहनों के दबाव और सड़क की खराब गुणवत्ता के कारण महज तीन साल में ही करोड़ों की सड़क जगह-जगह गड्ढों में बदल गई है। ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत के साथ निर्माण गुणवत्ता की जांच की मांग की है।