जिला अस्पताल में अचानक वाहनों की जांच से हड़ कंप, RTO ने 3 एंबुलेंस जब्त कर 2 पर की चालानी कार्रवाई !
जिला अस्पताल परिसर में आरटीओ अचानक से वाहनों की जांच-पड़ताल करने पहुंच गए, जिससे एम्बुलेंस संचालकों में हड़कंप मच गया। कई वाहन चालक तो ऐसे भी थे जो अस्पताल के बाहर से ही भाग खड़े हुए। टीम ने तीन एम्बुलेंस जब्त करते हुए दो पर चालानी कार्यवाई की। ये घटनाक्रम बीते शनिवार को मुरैना जिले में देखने को मिला।
बताया जा रहा है की नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने जांच अभियान को और तेज कर दिया है। इसी को लेकर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी पीएस भिलाला के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने जिला अस्पताल परिसर में अचानक एंबुलेंसों की चेकिंग की। आरटीओ की इस कार्रवाई से प्राइवेट एंबुलेंस संचालकों में हड़कंप मच गया। इस बात की खबर फैलते ही कई एंबुलेंस चालक अपने वाहन लेकर अस्पताल परिसर से बाहर निकल गए।
टीम ने अस्पताल परिसर में मौजूद एंबुलेंसों की बारीकी से जांच की। इस दौरान एंबुलेंस में प्राथमिक चिकित्सा पेटी, अग्निशमन यंत्र, वाहन का अनुबंध और अन्य जरूरी दस्तावेज देखे गए। टीम को जिला अस्पताल परिसर में कुल 9 एंबुलेंस मिलीं। जिनमें से 3 एंबुलेंस मोटरयान नियमों के अनुरूप नहीं मिलीं। जिसके बाद परिवहन विभाग ने तीनों एंबुलेंस को जब्त कर लिया। जिन्हे यातायात थाने में खड़ा कराया गया। वहीं 2 एंबुलेंस के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। जिनसे कुल 4 हजार रुपये का राजस्व वसूला गया। जबकि जब्त की गई तीन एंबुलेंस से करीब 25 हजार रुपये का राजस्व वसूल होना संभावित बताया गया।
अधिकारियों की माने तो नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।