Sagar - भारी पुलिस सुरक्षा के बीच नकली शराब की आरोपियों का निकाला गया जुलूस, अब तक 20 मौत
जहरीली शराब कांड के बाद सागर जिले के बंडा में पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में गिरफ्तार किए गए 10 आरोपियों का पुलिस ने सोमवार को बंडा नगर में जुलूस निकाला। आरोपियों को भारी पुलिस सुरक्षा के बीच नगर के प्रमुख मार्गों से ले जाया गया। इस दौरान 100 से ज्यादा पुलिस जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे। जुलूस के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद पूरे बंडा क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। बताया जा रहा है कि अवैध शराब को सामान्य शराब की तुलना में 20 से 30 रुपए सस्ते दामों में लोगों तक पहुंचाया जा रहा था। सस्ते दामों के चलते मजदूर और गरीब वर्ग के लोग इसके शिकार हुए।
इस घटना में जान गंवाने वाले अधिकांश लोग गरीब और मजदूर परिवारों से ताल्लुक रखते थे। जहरीली शराब की वजह से करीब 20 परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। कई परिवारों ने अपने कमाने वाले सदस्य खो दिए हैं, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों का जुलूस निकाले जाने के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। कार्रवाई का उद्देश्य अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में कानून का भय पैदा करना भी माना जा रहा है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि जहरीली शराब के इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। अवैध शराब के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की कार्रवाई के बाद शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है।