बंडा शराब मामले के बाद पुलिस की ताबड़तोड़ कार्यवाई से हड़कंप, पीएम आवास में मिली कच्ची शराब फैक्ट्री !
सागर जिले के बंडा थाना अंतर्गत जहरीले शराब की घटना के बाद पुलिस की ताबड़तोड़ कार्यवाई देखने को मिली। जिससे अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने एक साथ दबिश देते हुए जहां अहातों पर छापा मारा वहीं अवैध रूप से इस्तेमाल किया जा रहा सामान भी जब्त किया। ये नज़ारा सागर जिले से सटे दमोह के पथरिया थाना क्षेत्र का है। जहां आधा दर्जन से ज्यादा ठिकानों पर पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश दी। लेकिन नगर के वार्ड 14 से हैरान करने वाला मामला सामने आया। जहां प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी में कच्ची शराब की फैक्ट्री पकड़ी गई। पुलिस की दबिश से अफरा-तफरी का माहौल हो गया था। प्रधानमंत्री आवास से करीब 12 तेल के कुप्पों में महुआ लाहन जब्त कर मौके पर नष्ट किया गया। साथ ही करीब 20 लीटर हाथ भट्ठी से बनी कच्ची शराब जब्त की गई।
दरअसल सागर जिले के बंडा थाना क्षेत्र में हुई जहरीली शराब से दुखद घटनाओं को देखते हुए दमोह के पुलिस महकमे ने जिले में चल रहे अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। एसपी आनंद कलादगी के निर्देशन में पथरिया नगर अंतर्गत और ग्रामीण क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने पुलिस ने रविवार को एक साथ कई स्थानों पर कार्रवाई की। एसडीओपी प्रिया सिंधी और थाना प्रभारी नेहा गोस्वामी द्वारा करीब दर्जन भर पुलिसकर्मियों की टीम अलग-अलग स्थानों के लिए रवाना हुई और चिन्हित ठिकानों पर दबिश दी गई।
पुलिस टीम ने पथरिया नगर के वार्ड क्रमांक 1 रेलवे पुलिया के पास, वार्ड क्रमांक 14, वार्ड क्रमांक 6 बहिर, वार्ड क्रमांक 2, वार्ड क्रमांक 1 राजवांस समेत सासा गांव में कार्रवाई की। इस मौके पर सामने आया की सरकारी आवास में शराब का कारोबार चल रहा है। जिससे आबकारी विभाग पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले में पथरिया थाना प्रभारी नेहा गोस्वामी ने जानकारी दी।