रक्षाबंधन की छुट्टी मनाकर युवक सुबह पहुंचा दिल्ली,शाम को आई बुरी खबर, परिजनों ने किया नेत्रदान
कहते हैं की ज़िंदगी का क्या भरोसा, कौन किस मोड़ पर साथ छोड़ जाए भरोसा नहीं। रक्षाबंधन पर ख़ुशी-ख़ुशी अपनी बहन से राखी बंधवाई बहन ने भाई की लंबी उम्र की कामना की होगी। लेकिन क्या पता था की अगले पल क्या होगा। भाई छुट्टी मनाकर सुबह दिल्ली पहुंचा और शाम को खबर आई की बिल्डिंग हादसे में उसकी जान चली गयी है। 18 साल का अर्पित जाज एमपी के देवास जिले का रहने वाला था। जो दिल्ली में पढ़ाई कर रहा था। उसके जान जाने की खबर के बाद मानो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गयी। वह तत्काल दिल्ली रवाना हो गए थे। लेकिन बेटा ज़िंदा नहीं मिला। लेकिन इसके बाद माता-पिता ने जो काम किया वह दिल छू लेगा। उन्होंने अपने बेटे की आँखें डोनेट करवा दी। ताकि किसी की ज़िंदगी रोशन हो सके। मंगलवार को उसकी डेड बॉडी देवास पहुंची। जहां उसका अंतिम संस्कार किया गया।
अर्पित का हाल ही में कैमरे में कैद किया गया वीडियो सामने आया है। जो आख़िरी साबित हुआ। जिसे देखकर परिजनों का बुरा हाल है। ये वीडियो रक्षाबंधन पर बनाये गए थे।
बता दें की बीते रविवार को राजधानी दिल्ली स्थित सत्य निकेतन इलाके में 5 मंज़िला बिल्डिंग ढह गयी थी। जिसमें कई छात्रों की जान चली गयी। इस हादसे में मध्य प्रदेश के देवास के कैलादेवी क्षेत्र के जय बजरंग नगर निवासी 18 साल के अर्पित जाज के निधन की सूचना सामने आई। जिसके बाद उसके माता-पिता तुरंत दिल्ली रवाना हुए। बताया गया की अर्पित देवास से रविवार सुबह 7 बजे ही दिल्ली पहुंचा था और दोपहर में ये हादसा हो गया। अर्पित रक्षाबंधन की छुट्टी मनाने घर आया हुआ था। इमारत गिरने की खबर के बाद उसके परिजनों ने उसे कॉल किया तो उसका मोबाइल लगातार बंद आ रहा था। बार-बार प्रयास करने के बाद भी जब कोई जानकारी सामने नहीं आई तब वह रविवार को ही दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे।
अर्पित की इस तरह दुखद जान जाने के बाद उसके परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।------ मामले में कलेक्टर का कहना था की प्रशासन हर संभव मदद और प्रयास कर रहा है।