सागर-क्षिप्रा एक्सप्रेस के सामने आया बैल, आधे घंटे तक रुकी ट्रेन, यात्री हुए परेशान | SAGAR TV NEWS
सागर से बीना-कटनी रेलवे ट्रैक पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब क्षिप्रा एक्सप्रेस के सामने अचानक एक बैल आ गया। जानवर के ट्रैक पर आने के बाद ट्रेन को रोकना पड़ा। करीब आधे घंटे तक ट्रेन मौके पर खड़ी रही, जिसके चलते ट्रेन में सवार सैकड़ों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना सागर रेलवे स्टेशन के पास स्थित 26 नंबर रेलवे गेट के नजदीक की बताई जा रही है। बताया गया कि क्षिप्रा एक्सप्रेस सागर स्टेशन से आगे बढ़ रही थी, इसी दौरान अचानक एक बैल रेलवे ट्रैक पर आ गया और ट्रेन के सामने फंस गया। स्थिति को देखते हुए लोको पायलट ने ट्रेन रोक दी।
इसके बाद रेलवे कर्मचारियों की मदद से बैल को ट्रैक से बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत की गई। काफी प्रयासों के बाद जानवर को ट्रैक से हटाया गया, जिसके बाद क्षिप्रा एक्सप्रेस को आगे रवाना किया गया।
ट्रेन के काफी देर तक खड़े रहने के कारण यात्रियों को परेशानी हुई। कुछ यात्रियों ने आरोप लगाया कि ट्रेन रुकने के काफी देर बाद तक रेलवे स्टाफ मौके पर नहीं पहुंचा, जिसके कारण उन्हें इंतजार करना पड़ा।
क्षिप्रा एक्सप्रेस उत्तर प्रदेश के गया से चलकर उज्जैन की ओर जाती है। घटना को लेकर स्टेशन मैनेजर ने बताया कि ट्रेन के सामने जानवर आ गया था, जिसे ट्रैक से निकलवा दिया गया है। इसके बाद ट्रेन को आगे रवाना कर दिया गया।