नाराज़ किसानों ने की कलेक्टर कार्यालय में घुसने की कोशिश, सुरक्षाकर्मियों से जमकर तू-तू मैं-मैं !
समर्थन मूल्य पर खरीदी गयी मूंग की बकाया राशि का भुगतान न किये जाने से नाराज़ किसानों ने हंगामा कर दिया। कलेक्टर कार्यालय पहुंचे किसानों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए अंदर घुसने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने उन्हें रोका। जहां जमकर धक्का मुक्की हुई। सुरक्षा कर्मियों और किसानों के बीच गहमागहमी का माहौल बन गया। जिससे मामला गरमा गया। ये नज़ारा नरसिंहपुर जिले से सामने आया है।
बताया जा रहा है की समर्थन मूल्य पर खरीदी गई मूंग का बकाया भुगतान न होने से नाराज किसान, राष्ट्रीय किसान आर्मी के कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। किसानों ने कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी की साथ ही अंदर जाने का प्रयास किया। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों ने किसानों को रोकने की कोशिश की। जिसके बाद माहौल गरमा गया। किसानों और सुरक्षा कर्मियों के बीच जमकर तू-तू, मैं-मैं हुई। इसके अलावा धक्का-मुक्की भी हो गयी।
किसानों का आरोप है की समर्थन मूल्य पर मूंग बेचे कई दिन बीत चुके हैं। लेकिन अभी तक भुगतान नहीं मिला है। जिससे किसान आर्थिक परेशानी से जूझ रहे हैं। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि कलेक्टर कार्यालय में प्रवेश के दौरान कुछ पुलिस जवानों द्वारा उनके साथ अभद्रता की गई।
बताया गया की बाद में डिप्टी कलेक्टर अरविंद सिंह ने किसानों से चर्चा कर उनकी मांग सुनी और ज्ञापन लिया। वहीं मूंग खरीदी के भुगतान से संबंधित समस्या के शीघ्र निराकरण के प्रयास की बात भी कही गई।