Sagar- बीना में पुलिस का बड़ा एक्शन, शराब के साथ कट्टा-कारतूस बरामद
सागर जिले के बीना में अवैध शराब और हथियारों के खिलाफ पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। थाना बीना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 21 प्रकरण दर्ज किए। कार्रवाई के दौरान करीब 72 लीटर अवैध शराब, एक देशी कट्टा, 11 जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त माल-मशरूका की कुल कीमत करीब 72 हजार 480 रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान मुख्तार पिता सुल्तान खां, निवासी कालूखेड़ी बीना को अवैध शराब और कारतूस के साथ पकड़ा गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वह उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले से कम कीमत में शराब लाकर बीना क्षेत्र में अवैध रूप से बेचता था। आरोपी के कब्जे से ललितपुर की यूपी मेड लिकर की 13 पाव टेट्रा पैक, कुल 2.6 लीटर शराब, 10 जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
इसी कार्रवाई में पुलिस ने शिवाजी वार्ड निवासी 24 वर्षीय अभय पाल को भी पकड़ा। उसके कब्जे से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस तरह दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल एक देशी कट्टा और 11 जिंदा कारतूस जब्त किए गए। अवैध हथियारों से जुड़े मामलों में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है। वहीं अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए अभियान में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 21 प्रकरण दर्ज किए। पुलिस के अनुसार कई आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। इन मामलों में धारा 34(1) आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई का मकसद बीना क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के साथ अवैध हथियारों पर रोक लगाना है। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों की निगरानी लगातार की जा रही है और आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी। बीना पुलिस की इस कार्रवाई में करीब 72 लीटर अवैध शराब, कट्टा, 11 जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से अवैध शराब और हथियारों के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप है।