Sagar - कौन है चंदू राजा ? जहरीली शराब मामले में जुड़े नेताओं से तार, कैसे करता था शराब तस्करी का काम
सागर के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद पुलिस ने शराब कारोबार से जुड़े आरोपियो के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस बीच मामले में राजनीतिक संरक्षण के आरोप भी सामने आने लगे हैं। ततरवारा के आरोपित सरपंच चंदू सिंह राजपूत को लेकर इंटरनेट मीडिया पर कई तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जिनमें वह मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और स्थानीय विधायक वीरेंद्र सिंह लंबरदार के साथ नजर आ रहा है।
इन तस्वीरों के आधार पर आरोपि के राजनीतिक संपर्कों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि चंदू सिंह राजपूत खुद को मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का रिश्तेदार बताता था। हालांकि मंत्री ने इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि आरोपि से उनका कोई संबंध नहीं है। बल्कि उन्होंने खुद पुलिस अधीक्षक से बात कर इस पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही है विधायक वीरेंद्र लोधी ने भी आरोपी को निराधार बताया है
स्थानीय लोगों के बीच चल रही चर्चाओं के अनुसार चंदू के संरक्षण में कुछ युवाओं की टीम काम करती थी। आरोप है कि यह टीम मोटरसाइकिल और चार पहिया वाहनों के जरिए गांव-गांव शराब की खेप पहुंचाती थी। आरोपि आलीशान वाहनों में घूमने और ग्रामीणों पर रौब झड़ता था। राजनीतिक संरक्षण और अपराधिक पृष्ठ भूमि का होने के कारण चंदू की शिकायत करने से भी बचते थे।
यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि राजनीतिक प्रभाव और आर्थिक रसूख के चलते चंदू क्षेत्र के कुछ थानों और अधिकारियों पर प्रभाव रखता था। इसके अलावा कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को भी उसके घर पर संरक्षण मिलने की बातें सामने आई हैं।
बताया तो यह भी जा रहा है कि जिस शराब को पीने से बंडा-शाहगढ़ तहसील के आधा दर्जन गांवों में मौत का तांडव हुआ, उसकी एक बड़ी खेप पुलिस ने रविवार तड़के ततरवारा से जब्त कर ली थी। पुलिस ने मास्टर माइंड आरोपी चंदू राजा से 16 पेटी यानी 800 क्वार्टर बरामद कर उसे दबोच लिया था।
इस पर सागर गोल्ड का लेवल लगा होना बताया जा रहा है। जानकार बता रहे हैं कि मौत का यह ब्रांड यदि बंट जाता तो आसपास के गांवों में लाशें गिनना मुश्किल हो जाता। छापामार कार्रवाई में और भी सामग्री मिलने की खबर है।
पुलिस को बड़ी लीड मिली है। जल्द खुलासा हो सकता है। चंदू राजा पूर्व में एक बड़े संगठन का संभागीय पदाधिकारी रह चुका है। वह आदतन अपराधी है। पूर्व से उस पर कई संगीन अपराध दर्ज हैं। छापरी में इसका एक रिश्तेदार कम संभाले हुए था जो फरार चल रहा है