Sagar- सीवरेज का काम बना सिर दर्द, सड़क पर गिट्टी से भरेर डंपर का पहिया धंसा, किसी तरह बच पाया चालक
करोड़ों रूपये की लागत से सीवरेज प्रोजेक्ट का कार्य किया जा रहा है। लेकिन लंबे समय से जारी ये काम अब लोगों के लिए सिर दर्द साबित हो रहा है। क्योंकि जगह-जगह सड़कों की खुदाई की गयी है। रास्ते बदहाल हो गए हैं। इसी बीच सागर के खुरई से एक हादसा भी सामने आया। जहां सीवरेज की खुदाई में गिट्टी से भरा हुआ डंपर धंस गया। वाहन एक तरफ झुक गया था जिससे चालक को कूदकर अपनी जान बचानी पड़ी। वहीं इस दौरान मुख्य मार्ग पर लंबा जाम भी लग गया था। दरअसल खुरई शहर में करीब 175 करोड़ रुपए की लागत से चल रहा सीवरेज प्रोजेक्ट अब लोगों के लिए सिर दर्द बनता जा रहा है। जगह-जगह सड़क की खुदाई के बाद बदहाल रास्तों से वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।
खुरई के चर्च के पास सीवरेज लाइन के लिए खोदी गई सड़क में गिट्टी से भरा डंपर फंस गया। पहिया धंसने के बाद डंपर एक तरफ झुक गया और पलटने की स्थिति बन गई। खतरा देखते हुए चालक दिलीप तिवारी वाहन से कूद गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। इस दौरान मुख्य मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। स्कूल के समय जाम लगने से बच्चों, स्कूल बसों, ऑटो और दो-पहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सीवरेज के लिए सड़कें खोदने के बाद कई जगह उनकी व्यवस्थित मरम्मत नहीं की गई। बारिश के कारण गड्ढों और कीचड़ से स्थिति और खराब हो गई है।------