ट्रैफिक पुलिस का शिकंजा, 27 हजार का जुर्माना, ऑटो-ई-रिक्शा पर एक्शन! | SAGAR TV NEWS |
सड़कों पर नियमों को ताक पर रखकर दौड़ रहे ऑटो और ई-रिक्शा चालकों पर अब यातायात पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। दमोह यातायात पुलिस ने संजय चौराहे पर वाहन चेकिंग अभियान चलाकर बिना नंबर, बिना लाइसेंस और बिना फिटनेस के संचालित हो रहे वाहनों पर कार्रवाई की। इस दौरान एक दर्जन से अधिक ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के चालान काटे गए और करीब 27 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। दरअसल, एमपी के सागर संभाग के दमोह जिले के पथरिया नगर की सड़कों पर लंबे समय से कई ऑटो और ई-रिक्शा बिना जरूरी दस्तावेजों के संचालित होने की शिकायतें सामने आ रही थीं। इसे देखते हुए दमोह यातायात पुलिस ने संजय चौराहे पर चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस टीम ने एक-एक कर ऑटो और ई-रिक्शा को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की।
जांच के दौरान बिना नंबर, बिना ड्राइविंग लाइसेंस और बिना फिटनेस के वाहन संचालित करते पाए गए चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई। करीब एक दर्जन से अधिक वाहनों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लगभग 27 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। अचानक हुई इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली। यातायात पुलिस ने सिर्फ दस्तावेजों की जांच तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई की। पुलिस ने वाहन चालकों को समझाइश दी कि सड़क पर वाहन निर्धारित स्थान पर ही खड़े करें और यातायात व्यवस्था को बाधित न करें।
यातायात निरीक्षक आकांक्षा जोशी ने बताया कि संजय चौराहे पर चलाए गए अभियान में एक दर्जन से अधिक ऑटो और ई-रिक्शा पर चालानी कार्रवाई की गई है। उन्होंने वाहन चालकों से सभी जरूरी दस्तावेज पूरे रखने, यातायात नियमों का पालन करने और शराब का सेवन कर वाहन नहीं चलाने की अपील की। साथ ही साफ किया कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। यातायात पुलिस की लगातार कार्रवाई से अब उम्मीद है कि पथरिया की सड़कों पर बिना दस्तावेज और नियमों की अनदेखी कर दौड़ने वाले वाहनों पर अंकुश लगेगा और यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।