Sagar - नकली शराब में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिया फ्री हैंड आरोपियों के घर पर चलेगा बुलडोजर
सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। उन्होंने भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। सीएम ने कहा कि आरोपियों पर आजीवन कारावास और फांसी वाली धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन को फ्री हैंड दिया गया है। अतिक्रमण तोड़ने समेत जो भी जरूरी कार्रवाई है, वह की जाए।
सीएम ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी, ताकि इस तरह की घटना दोबारा न हो। इसके अलावा उन्होंने कहा कि शराब वैध हो या अवैध हो इसकी वजह से जो खतरा होता है उसको देखते हुए धार्मिक संस्थाओं और अन्य लोगों के साथ नशा मुक्ति अभियान पूरे प्रदेश में चलाएंगे, साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं से अपील करते हैं कि ऐसे मामलों में एकजुटता दिखाई देनी चाहिए
बता दें कि सागर में जहरीली शराब पीने से अब तक 20 अधिक लोगों की मौत होने की बात सामने आई है। हालांकि, प्रशासन ने 15 मौतों की पुष्टि की है। कई मरीज अस्पताल में भर्ती हैं।
पुलिस ने मामले में अब तक 33 आरोपियों में से 16 को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में अवैध शराब तैयार करने, पैकिंग और ग्रामीण क्षेत्रों में सप्लाई नेटवर्क से जुड़ी जानकारी सामने आई है।