Sagar- चार महीने से न राशन मिला,न आवास और शौचालय जैसी योजनाओं का लाभ,मूलभूत सुविधाओं से जूझते लोग !
मूलभूत सुविधाएं न मिलने से लोग चार महीने से परेशान हैं। आरोप है की न तो चार महीने से राशन मिला है। न ही आवास और शौचालय जैसी योजनाओं का ही लाभ मिला है। वहीं बारिश के मौसम में मुक्तिधाम तक पहुंचने के लिए भी कीचड़ भरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। इन्ही सब समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में लोग सागर के खुरई एसडीएम कार्यालय पहुंचे किसान नेता इंदर सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एसडीएम से समस्याओं के निराकरण की मांग की है। दरअसल बीना विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नाऊखेड़ा के जंगराई कलां गांव में ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं से परेशान हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से शिकायतों के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक कई परिवारों को करीब चार महीने से राशन नहीं मिला है। जिससे गरीब परिवारों के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो रहा है। वहीं गांव के कई पात्र परिवार प्रधानमंत्री आवास और शौचालय योजना के लाभ से भी वंचित होने का दावा कर रहे हैं। सबसे बड़ी परेशानी बारिश के दौरान मुक्तिधाम तक पहुंचने में होती है।
करीब एक किलोमीटर का रास्ता कीचड़ से भर जाने के कारण अंतिम यात्रा में ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों ने सड़क और राशन व्यवस्था समेत सभी समस्याओं के जल्द निराकरण की मांग की। वहीं एसडीएम सतीश वर्मा ने आश्वासन दिया कि नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचकर समस्याओं का जायजा लेंगे और संबंधित मामलों में कार्रवाई की जाएगी।------