SI की पत्नी की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप और फिर !
एमपी के सागर संभाग के छतरपुर में उत्तर प्रदेश पुलिस के सब-इंस्पेक्टर की 28 वर्षीय पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। संगीता देवी राजपूत ने कथित तौर पर कीटनाशक का सेवन किया था, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और जहरीला पदार्थ खिलाकर मारने का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक संगीता देवी की शादी 7 जुलाई 2024 को महोबा जिले के टीकारिया निवासी अनोज कुमार राजपूत से हुई थी। अनोज कुमार उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ बताए जा रहे हैं। मृतका का मायका फतेहपुर के जहानाबाद क्षेत्र में है। मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही संगीता को दहेज और अन्य कारणों को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था।
परिजनों के मुताबिक 5 सितंबर को भी संगीता के साथ मारपीट की गई थी। सूचना मिलने पर उसके पिता और भाई ससुराल पहुंचे थे और उस समय विवाद शांत कराया गया। इसके बाद 7 सितंबर को एक बार फिर विवाद होने की बात सामने आई। मायके पक्ष के अनुसार, विवाद के बाद संगीता ने घर में रखी कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया और फोन पर इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजन संगीता को पहले नौगांव लेकर पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें छतरपुर के मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान संगीता की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष अस्पताल पहुंच गया और निष्पक्ष जांच तथा पोस्टमार्टम की मांग को लेकर हंगामा किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति भी बनी।
मृतका के भाई ने शादी में करीब 50 लाख रुपये खर्च करने का दावा करते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि महिला की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। कोतवाली थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मायके पक्ष के आरोपों सहित सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही संगीता की मौत की वास्तविक वजह और लगाए गए आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।