सागर कांड के बाद पन्ना में बड़ा एक्शन, 84 लीटर शराब जब्त
सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद मध्यप्रदेश में आबकारी विभाग अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में पन्ना जिले में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर करीब 84 बल्क लीटर कच्ची अवैध शराब और 350 किलो महुआ लाहन जब्त किया है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना के आदेश और पन्ना कलेक्टर ऊषा परमार के निर्देश पर जिले में कार्रवाई तेज की गई। जिला आबकारी अधिकारी मुकेश मौर्य के मार्गदर्शन और सहायक जिला आबकारी अधिकारी शंभू दयाल सिंह जाटव के नेतृत्व में गठित टीमों ने सलेहा थाना क्षेत्र के ग्राम गंज, अजयगढ़ क्षेत्र के ग्राम सलैया, पड़रहा और बीरा पुलिस चौकी क्षेत्र समेत कई स्थानों पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान लक्ष्मण चौधरी, अजीत कोल, मधु रावत, विश्वनाथ कोल, गेंदाबाई, सीताराम यादव और नत्थू रैकवार के कब्जे से अलग-अलग मात्रा में अवैध हाथभट्टी शराब और महुआ लाहन बरामद किया गया। आबकारी विभाग ने शराब और लाहन जब्त करते हुए संबंधित आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के साथ आबकारी विभाग ने वैध शराब दुकानों की भी सघन जांच की। पिछले दो दिनों में जिले की सभी वैध शराब दुकानों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने दुकानों में मौजूद स्टॉक का मिलान करने के साथ शराब की गुणवत्ता की भी जांच की, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं से अमानक या संदिग्ध शराब की बिक्री तो नहीं हो रही है।
अधिकारियों के मुताबिक जांच के दौरान जिले की किसी भी वैध शराब दुकान में अमानक मदिरा नहीं मिली। आबकारी निरीक्षक मुकेश पाण्डेय ने बताया कि विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है और अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर नजर रखी जा रही है। साथ ही वैध दुकानों के स्टॉक और शराब की गुणवत्ता की नियमित जांच की जा रही है। सागर शराबकांड के बाद पन्ना में आबकारी और पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप है। विभाग का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।