सागर- बंडा पहुंचे IG इरशाद वली, बोले- किसी को नहीं छोड़ेंगे | SAGAR TV NEWS |
सागर के बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में पुलिस और प्रशासन का एक्शन लगातार तेज होता जा रहा है। सागर रेंज का पदभार संभालने के बाद नवागत IG इरशाद वली गुरुवार को बंडा पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने साफ कहा कि शराबकांड से जुड़े सभी लोगों पर कार्रवाई की जाएगी और जो आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। IG इरशाद वली के बंडा पहुंचने के बीच प्रशासन ने भी बड़ी कार्रवाई की। नगर पालिका की टीम पुलिस फोर्स के साथ वार्ड नंबर 11 और 12 में पहुंची। यहां शराबकांड से जुड़े आरोपियों के अवैध निर्माण को चिह्नित कर बुलडोजर चलाया गया। मुख्य आरोपी बताए जा रहे करणी सेना के संभागीय अध्यक्ष चंद्रभान सिंह राजपूत उर्फ चंदू और आशीष साहू के अवैध निर्माण पर कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान तीन JCB मशीनें लगाई गईं और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। इसके अलावा मनीष लोधी के तीन मकानों के अवैध हिस्सों को भी हटाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सख्ती के बाद बंडा में प्रशासनिक कार्रवाई लगातार जारी है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने सागर पहुंचकर मरीजों से मुलाकात की थी और पूरे मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए थे।
जहरीली शराब से मौतों का आंकड़ा 28 तक पहुंचने की बात सामने आई है, जबकि प्रशासन अब तक 15 मौतों की पुष्टि कर रहा है। मामले में पुलिस ने कुल 33 आरोपियों को चिन्हित किया है, जिनमें से 16 की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं 17 आरोपियों पर इनाम घोषित किया गया है। पूछताछ में अवैध शराब तैयार करने, पैकिंग और ग्रामीण क्षेत्रों में सप्लाई नेटवर्क से जुड़ी जानकारी सामने आने की बात पुलिस ने कही है।
जांच में बरेठी शराब दुकान के लाइसेंसी ठेकेदार मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर, निवासी बंडा की भूमिका भी सामने आने की जानकारी है। पुलिस के मुताबिक उसका संपर्क अंतरराज्यीय शराब तस्कर रवि लखेरा से था। अब IG इरशाद वली के सख्त रुख के बाद पुलिस की कार्रवाई और तेज होने की उम्मीद है। बंडा में बुलडोजर एक्शन के बाद अब पुलिस की नजर उन आरोपियों पर है, जो अभी फरार हैं। IG इरशाद वली का साफ संदेश है—जहरीली शराबकांड से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।