साइलेंसर-हूटर पर चला बुलडोजर, 200 उपकरण नष्ट | SAGAR TV NEWS |
शहर में नियम विरुद्ध साइलेंसर, हूटर और अन्य प्रतिबंधित उपकरणों का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी की मौजूदगी में वीआईपी रोड पर जब्त किए गए करीब 200 साइलेंसर, हूटर और अन्य नियम विरुद्ध सामग्री को बुलडोजर चलाकर नष्ट किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को मॉडिफाइड साइलेंसर और वाहनों में नियम विरुद्ध हूटर लगाने वालों के खिलाफ सख्त संदेश माना जा रहा है। दरअसल,एमपी के सागर संभाग के दमोह यातायात विभाग की ओर से नियम विरुद्ध तरीके से वाहनों में लगाए जाने वाले साइलेंसर, हूटर और अन्य प्रतिबंधित उपकरणों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान जब्त की गई सामग्री को वीआईपी रोड पर एकत्र किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर इन उपकरणों को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
कार्रवाई में करीब 200 साइलेंसर, हूटर सहित अन्य नियम विरुद्ध सामग्री शामिल थी। खासतौर पर तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर को लेकर पुलिस सख्त नजर आ रही है। ऐसे साइलेंसर से सड़क पर अनावश्यक शोर बढ़ने के साथ आम लोगों और अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। बताया गया कि पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी जब इंदौर में यातायात डीएसपी के पद पर पदस्थ थे, तब भी नियम विरुद्ध साइलेंसर के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई की गई थी। अब दमोह में भी यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए इसी तरह सख्ती दिखाई जा रही है।
यातायात विभाग की कार्रवाई का उद्देश्य सड़क पर नियमों का पालन कराने के साथ वाहनों में अनधिकृत तरीके से लगाए गए उपकरणों के इस्तेमाल पर रोक लगाना है। पुलिस की ओर से वाहन चालकों से अपील की जा रही है कि वे अपने वाहनों में निर्धारित मानकों के अनुरूप ही उपकरणों का इस्तेमाल करें और हूटर या तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने से बचें। दमोह में करीब 200 साइलेंसर और हूटर पर चला बुलडोजर अब नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के लिए साफ संदेश है। पुलिस का कहना है कि नियम विरुद्ध उपकरणों का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।