सागर शराब मामले में CM मोहन यादव सख्त, बोले लापरवाही बर्दाश्त नहीं
सागर के बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख दिखाया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि घटना को लेकर प्रशासन को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, शराब कांड के मुख्य आरोपी रवि लखेरा की गिरफ्तारी के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई का भी मुख्यमंत्री ने जिक्र किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सागर की घटना और कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि घटना से जुड़े लोगों के खिलाफ आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक सरकार की प्राथमिकता है कि इस तरह की घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो और कानून-व्यवस्था से किसी तरह का समझौता न किया जाए।
मुख्यमंत्री ने शराब कांड के मुख्य आरोपी रवि लखेरा के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर भी बयान दिया। रवि लखेरा पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से फरार बताया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक बरायठा थाना क्षेत्र के जंगल में घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में नशाखोरी और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान तेज करने की बात भी कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। सरकार का कहना है कि अवैध शराब और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस और प्रशासन को लगातार कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं।
सागर शराबकांड के बाद पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ उनसे जुड़े संभावित ठिकानों और अवैध गतिविधियों पर भी कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून का राज कायम रखना सरकार की जिम्मेदारी है और दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी। सागर शराबकांड के बाद मुख्यमंत्री के सख्त तेवरों ने साफ कर दिया है कि सरकार अब अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई को और तेज करने के मूड में है। सवाल अब यही है कि इस कार्रवाई का दायरा आगे कहां तक पहुंचता है और जांच में कौन-कौन जिम्मेदार सामने आते हैं।