Sagar- अवैध और कच्ची शराब पर पुलिस का शिकंजा, दो जगहों पर कार्यवाई, बड़ी मात्रा में महुआ लहान नष्ट
अवैध और कच्ची शराब को लेकर सागर जिले की पुलिस किसी भी तरह से बख्शने के मूड में नहीं है। लगातार कार्यवाहियां की जा रही हैं। इसी तरह की एक कार्यवाई सागर के खिमलासा थाना क्षेत्र में भी देखने को मिली है। जहां टांडा गांव में दबिश देकर बड़ी मात्रा में कच्ची शराब बनाने के लिए तैयार किया गया बड़ी मात्रा में महुआ लहान नष्ट किया गया है। वहीं जंगराई टांडा से 5 लीटर कच्ची शराब भी जब्त की गई है। बताया गया की कच्ची शराब की बिक्री को लेकर खबर सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और कार्यवाई को अंजाम दिया गया।
खिमलासा थाना अंतर्गत जंगराई टांडा और बसाहरी टांडा गांव में पुलिस ने छापा मारा। थाना प्रभारी राधेश्याम पटेल के मुताबिक जंगराई टांडा में करण बंजारा के कब्जे से 5 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। इसके साथ ही शराब बनाने के लिए तैयार करीब 1200 लीटर महुआ लहान मौके पर नष्ट किया गया। पुलिस ने बसाहरी टांडा में भी दबिश देकर लहान नष्ट किया है।
जानकारी के मुताबिक कच्ची शराब की बिक्री को लेकर क्षेत्र में लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। खबर दिखाए जाने के बाद पुलिस ने सक्रियता बढ़ाते हुए उन स्थानों पर निगरानी शुरू कर दी है। जहां शराब तैयार किए जाने की आशंका है। पुलिस अब शराब बनाने और सप्लाई करने वालों की भी जानकारी जुटा रही है। आगे भी इस तरह की कार्यवाई जारी रहेंगी।------