Sagar - निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास राख से भरा भारी भरकम बलकर कीचड़ में धंसा, जाम की बनी स्थिति
राख से भरा हुआ एक भारी भरकम बलकर कीचड़ में धंस गया। वह कई घंटों तक फंसा ही रहा। जिसे निकालने की तो काफी कोशिशें की गयी। लेकिन सफलता नहीं मिल पा रही थी। इस दौरान एक तरफ का यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ। कई बार जाम की स्थिति भी बनी। मामला सागर के बीना-आगासौद रोड से सामने आया है। बताया जा रहा है की डबल रेलवे फाटक के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज की सर्विस रोड पर राख से भरा बलकर कीचड़ में धंस गया था। जिस कारण सर्विस रोड पर यातायात प्रभावित हुआ। जाम की स्थिति बनने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक जेपी पावर प्लांट से राख भरकर बीना की ओर आ रहा बलकर निर्माणाधीन ओवरब्रिज की सर्विस रोड पर कीचड़ में धंस गया। सड़क पहले से ही निर्माण कार्य के चलते संकरी है बारिश के बाद यहां कीचड़ और फिसलन की स्थिति बनी हुई है। बलकर फंसने के बाद वाहनों को सड़क के एक ही हिस्से से निकालना पड़ा। जिससे दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई थी। कुछ समय बाद मौके पर पहुंची दो जेसीबी मशीन की मदद से बलकर को किसी तरह से निकाला गया। तब जाकर हालात सामान्य हुए।
वाहन चालकों ने निर्माण एजेंसी से सर्विस रोड का कीचड़ हटाकर यातायात सुचारु कराने की मांग की है।