Sagar - 9 साल से अधूरी पड़ी पुलिया, बारिश में फिर वही परेशानी, पेंच फंसने से नहीं हो पा रहा समाधान
कई साल बीत गए लेकिन जो समस्या नौ साल पहले थी वही आज भी बनी हुई है। न तो समस्या का हल हुआ न ही आज तक समाधान हो पाया। बस हर बार अस्थाई इंतजाम कर दिया जाता है जिससे समस्या जस की तस बनी रहती है। वहीं पुलिया को लेकर पेंच भी फंसा हुआ है जिससे समाधान नहीं हो पा रहा। दरअसल सागर जिले के बीना क्षेत्र के भानगढ़ में एक पुलिया बीते नौ साल से अधूरी पड़ी हुई है।
जो बारिश के मौसम में मुसीबत का सबब बन जाती है। बताया गया की तेज बारिश के बाद पुलिया के ऊपर पानी भर जाता है जिससे समस्या होती है। इसी तरह बारिश के बाद कुछ समय के लिए खिमलासा-कंजिया मार्ग पर आवागमन बंद हो गया था। पीडब्ल्यूडी की टीम ने जेसीबी से पानी की निकासी कराकर रास्ता खुलवाया। लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि हर साल यही अस्थायी इंतजाम दोहराया जाता है।
बताया जा रहा है की खिमलासा-कंजिया मार्ग पर भानगढ़ में अधूरी पुलिया के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो गया। पानी घुटनों तक पहुंचने से दोपहिया और छोटे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। इसके बाद पीडब्ल्यूडी की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची और पानी की निकासी कराई।
ग्रामीणों का कहना है कि पानी निकालने पर दूसरी ओर बने मकानों में पानी घुसने की स्थिति बन जाती है। यह मार्ग रिफाइनरी और जेपी पावर प्लांट के वाहनों के लिए भी महत्वपूर्ण है। वहीं, पीडब्ल्यूडी एसएडीओ शुभम मिश्रा के मुताबिक पुलिया निजी भूमि से संबंधित है भूमि मालिक द्वारा हाईकोर्ट से स्टे लिया गया है। इसी वजह से निर्माण पूरा नहीं हो पा रहा है। ग्रामीण अब स्थायी जल निकासी और पुलिया का काम पूरा कराने की मांग कर रहे हैं।------