Sagar- बदहाल सड़कें और अंडरब्रिज में गंदगी की समस्या, चालक परेशान, ऑटो रिक्शा यूनियन ने खोला मोर्चा
सागर जिले के बीना में बदहाल सड़कों और अंडरब्रिज की समस्याओं से लोगों को जूझना पड़ रहा है। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा और भी कई समस्याएं हैं। बताया गया की सबसे ज्यादा परेशानी ऑटो चालकों को उठानी पड़ती है। सड़कें खराब होने से हादसों का अंदेशा बना रहता है। छोटे बच्चों को लेकर जाना पड़ता है जिसकी जवाबदारी भी चालक की ही होती है।
अगर कोई घटना दुर्घटना होती है तो चालकों के खिलाफ कार्यवाई की जाती है। इन्ही समस्याओं को लेकर ऑटो रिक्शा यूनियन ने मोर्चा खोल दिया। रेलवे स्टेशन-मालखेड़ी लिंक रोड स्थित अंडरब्रिज के सामने यूनियन ने करीब तीन घंटे तक धरना दिया। ऑटो चालकों ने जलभराव, गंदगी और जर्जर सड़कों समेत 10 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
इसको लेकर यूनियन का कहना था की अंडरब्रिज में लंबे समय से गंदा पानी भरा होने के कारण यह रास्ता नाले में तब्दील हो गया है। बारिश के दिनों में परेशानी और बढ़ जाती है। वहीं शहर की सड़कों पर जगह-जगह गड्ढों के कारण ऑटो चालकों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। वाहनों में टूट-फूट भी हो रही है।
धरने की सूचना पर रेलवे इंजीनियर उत्कर्ष और नायब तहसीलदार हेमराज सिंह मेहर मौके पर पहुंचे। यूनियन ने अधिकारियों को 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इसमें अंडरब्रिज से जलभराव दूर करने, जर्जर सड़कों की मरम्मत, रेलवे क्रॉसिंग पर सुविधाएं बढ़ाने और फुटओवर ब्रिज के निर्माण समेत अन्य मांगें शामिल हैं।
अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद यूनियन ने धरना समाप्त कर दिया।------