सागर में जर्जर भवनों पर निगम का बुलडोजर, हादसे रोकने के लिए बड़ा एक्शन | SAGAR TV NEWS |
सागर शहर में जर्जर और खतरनाक भवनों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को लाजपतपुरा वार्ड में अति-जर्जर भवन की रोड साइड दीवारों को नगर निगम के बुलडोजर से जमींदोज कराया गया। निगमायुक्त राजकुमार खत्री खुद मौके पर मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए कार्रवाई की निगरानी की। निगम का कहना है कि इसका मकसद संभावित हादसों को रोकना और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। नगर निगम द्वारा शहर में सर्वे कर जर्जर, अति-जर्जर और खतरनाक भवनों को चिन्हित किया गया है। इसी अभियान के तहत निगमायुक्त राजकुमार खत्री लाजपतपुरा वार्ड पहुंचे। कार्रवाई से पहले पूरे भवन का निरीक्षण कराया गया और भवन को खाली कराया गया। इसके बाद छत से जुड़े टीन शेड और अन्य हिस्सों को अलग करवाकर रोड साइड की दीवारों को सुरक्षित तरीके से गिराया गया।
बताया गया कि यह भवन लाजपतपुरा, शनीचरी और कृष्णगंज वार्ड के पहुंच मार्गों के जंक्शन पर स्थित था। यहां सड़क संकरी होने के कारण जर्जर दीवारों से किसी भी समय अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई थी। इसी को देखते हुए नगर निगम ने तत्काल कार्रवाई की। निगमायुक्त ने इन वार्डों में पैदल निरीक्षण भी किया और इस दौरान तीन अन्य जर्जर भवनों की सड़क की ओर बनी वर्षों पुरानी बाहरी दीवारों को भी गिरवाया। निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने कहा कि सागर शहर के कई वार्ड पुरानी बसाहट वाले हैं, जहां वर्षों पुराने भवन मौजूद हैं। इनमें कुछ मकान नियमित देखरेख के कारण सुरक्षित हैं, लेकिन कई भवन रखरखाव के अभाव में जर्जर हो चुके हैं। ऐसे भवनों से उनमें रहने वाले लोगों के साथ-साथ सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को भी खतरा हो सकता है।
निगमायुक्त ने शहरवासियों से अपील की है कि जिन पुराने मकानों में मामूली क्षति है, उनकी तत्काल मरम्मत कराई जाए। वहीं जो भवन जर्जर, अति-जर्जर या खतरनाक श्रेणी में हैं, उन्हें भवन मालिक स्वयं तत्काल गिरवा लें। नगर निगम की ओर से चिन्हित भवनों पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। सागर में जर्जर भवनों के खिलाफ नगर निगम का अभियान अब तेज होता नजर आ रहा है। प्रशासन का फोकस साफ है—समय रहते खतरनाक भवनों को हटाना और किसी भी संभावित हादसे से पहले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना।