सागर- बंडा जहरीली शराब मामले में पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे दिग्विजय सिंह, जाना दर्द
सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में सियासत के साथ अब पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचने का सिलसिला भी जारी है। शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बंडा और शाहगढ़ तहसील क्षेत्र के उन गांवों में पहुंचे, जहां जहरीली शराब पीने से लोगों की मौत हुई है। दिग्विजय सिंह ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिया। वहीं, उन्होंने मौतों के आंकड़ों को लेकर भी प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शनिवार दोपहर करीब एक बजे शाहगढ़ तहसील के ग्राम खटौरा खुर्द पहुंचे। यहां उन्होंने जहरीली शराब पीने से जान गंवाने वाले भोपाली आदिवासी के परिवार से मुलाकात की। भोपाली आदिवासी की दिव्यांग पत्नी माया आदिवासी और अन्य परिजनों से मिलकर दिग्विजय सिंह ने दुख जताया। मौके पर मौजूद शाहगढ़ तहसीलदार और ग्राम सचिव से उन्होंने पीड़ित परिवार को शासन की निर्धारित सहायता उपलब्ध कराने में मदद करने की बात कही।
इसके बाद दिग्विजय सिंह पापेट, मोहली और धुरमार रवारा गांव पहुंचे। यहां भी उन्होंने जहरीली शराब कांड में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। दिग्विजय सिंह ने कहा कि पीड़ित परिवारों को शासन की ओर से मिलने वाली हर संभव सहायता दिलाई जानी चाहिए। इसके बाद दिग्विजय सिंह ग्राम गूगरा पहुंचे, जहां जहरीली शराब पीने से सबसे ज्यादा मौतें होने की बात सामने आई है। उन्होंने एक-एक कर प्रभावित परिवारों के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और उनका दर्द साझा किया। इस दौरान उन्होंने परिवारों को हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिया।
दिग्विजय सिंह ने जहरीली शराब से हुई मौतों के आंकड़ों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि 20 से 22 दिनों से जहरीली शराब पीने के बाद मौतों का सिलसिला चल रहा था, लेकिन लगातार मौतें होने के बाद प्रशासन की नींद खुली। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम शुरू होने के बाद मौतों की गिनती शुरू हुई और आरोप लगाया कि इसके बावजूद आंकड़े छुपाए जा रहे हैं। दिग्विजय सिंह ने पूरे मामले की गंभीरता से जांच की मांग की। बंडा जहरीली शराब कांड को लेकर अब पीड़ित परिवारों के बीच नेताओं की आवाजाही बढ़ गई है। दिग्विजय सिंह के गांवों के दौरे और मौतों के आंकड़ों को लेकर लगाए गए आरोपों के बाद इस मामले में राजनीतिक बहस और तेज होने के आसार हैं।